यातायात चालान के रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ गडकरी के आवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन
यातायात चालान के रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ गडकरी के आवास पर कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि नए विधेयक में इतना जुर्माना है जो वाहन की लागत से भी अधिक है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय युवा कांग्रेस (युकां) ने आम नागरिकों की गोपनीयता भंग होने के खतरे और नए मोटर वाहन विधेयक 2019 के खिलाफ केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नए विधेयक में इतना जुर्माना है, जो वाहन की लागत से भी अधिक है।
जानकारी हो रही लीक
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर एक ऐसी प्रणाली आई है, जिसके जरिये कोई भी व्यक्ति वाहन के पंजीकरण नंबर को दर्ज करके वाहन के मालिक से संबंधित सभी विवरणों तक पहुंच सकता है। यह न केवल जनता की निजता पर हमला है, बल्कि आतंकियों और असामाजिक तत्वों के साथ कट्टरपंथी राष्ट्रवादियों द्वारा भी इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।
ओटीपी से प्राप्त हो जानकारी
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि ऐसा कोई भी विवरण ओटीपी या अन्य सुरक्षित प्रणाली के बाद ही प्राप्त किया जा सके। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निवास के बाहर कुछ बाइक भी छोड़ दी गईं, जो इस बात का प्रतीक बताई गईं कि कई मामलों में दोपहिया वाहन चालकों पर उनके वाहनों की कीमत से अधिक जुर्माना लगाया गया।