हौजकाजी बवालः पुलिस ने गिरफ्तार किए पांच और आरोपित, अब तक 17 हो चुके हैं अरेस्ट
हौज काजी बबाल मामले में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को पांच और लोगों को धरा है। धरे गए पांच में से एक बालिग जबकि चार नबालिग हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। हौजकाजी बवाल में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को चार नाबालिगों सहित पांच आरोपितों को और गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसमें दस आरोपित नाबालिग हैं। सभी नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। गत दिनों लालकुआं इलाके में पार्किंग विवाद को लेकर दो संप्रदाय के लोगों में झगड़ा हो गया था।
मामले की सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों के आरोपितों को हौजकाजी थाने लेकर गई थी। उसी समय सोशल मीडिया पर भीड़ द्वारा हिंसा किए जाने की अफवाह फैल गई थी। इसके बाद एक संप्रदाय के लोगों ने हौजकाजी थाने पर प्रदर्शन के बाद लालकुआं स्थित एक धार्मिक इमारत में तोड़फोड़ कर दी थी। इसे सांप्रदायिक रंग दिए जाने का प्रयास किया जा रहा था।
इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री ने मामले में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर हालात सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से दिल्ली पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर रही है।
इधर, दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने शुक्रवार दोपहर हौजकाजी का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में शांति कायम हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर हौजकाजी व लालकुआं क्षेत्र में दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।
दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी दौरा कर घटना पर नजर रखे हुए हैं। धार्मिक भावनाओं को आहत करने व उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। वहीं, सीसीटीवी फुटेज से करीब 24 आरोपितों की और पहचान की जा चुकी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। आगामी दिनों में इस मामले में और भी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।