महिलाओं ने अन्याय के खिलाफ बुलंद की आवाज, कहा- कैंडल नहीं अब होगा सैंडल मार्च
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद अपनी टीम के साथ दिल्ली की गलियों में घूमीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने सुरक्षा संबंधी समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद अपनी टीम के साथ पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली की गलियों में घूमीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने सुरक्षा संबंधी समस्याओं को स्वाति जयहिंद के समक्ष रखा। इस दौरान महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए सैंडल मार्च भी निकाला गया। महिला सुरक्षा पदयात्रा के दौरान स्वाति जयहिंद अपनी टीम के साथ 50 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कीं।
इन-इन एरिया में घूमीं
इस दौरान वह लक्ष्मी नगर, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, मंडावली, गीता कॉलोनी, कृष्णा नगर, सीलमपुर, मौजपुर और शाहदरा की गलियों में गई। लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क और कृष्णा नगर के कांति पार्क में आयोग ने पार्को में खुलेआम शराब पीते हुए असामाजिक तत्वों को पकड़ा।
थानाध्यक्ष ने जारी किया नोटिस
आयोग ने संबंधित थानाध्यक्ष को मौके पर बुलाकर उन्हें नोटिस जारी किया। वहीं, त्रिलोकपुरी में स्वाति जयहिंद ने एक आदमी को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान फुटपाथ पर जुआ खेलते देख यात्रा में शामिल लड़कियां तालियों और ढपली की धुन पर गाने लगीं.. नहीं चलेगा, नहीं चलेगा। इसके बाद शर्मसार होकर उन लोगों ने पत्ते फेंक दिए।
मिली घरेलू शोषण की शिकायत
जाफराबाद में कई महिलाओं ने घरेलू शोषण की शिकायत आयोग को दी। पुलिस को शिकायत देकर स्वाती जयहिंद ने कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर स्वाति जयहिंद ने लोगों से महिला सुरक्षा मित्र बनने की अपील की। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा मित्र पुलिस और लोगों के बीच पुल का काम करेंगे। मुसीबत में महिलाओं की मदद करेंगे।
सीलमपुर में निकाला सैंडल मार्च
असामाजिक तत्वों से स्वयं को बचाने के लिए दिल्ली महिला आयोग ने सीलमपुर क्षेत्र में सैंडल मार्च निकाला। महिलाओं ने हाथों में सैंडल लेकर 'जो करेगा अत्याचार, उसको मारो सैंडल चार', 'कैंडल नहीं अब सैंडल मार्च' के नारे भी लगाए। इस यात्रा में कुछ तेजाब पीड़िताओं ने भी भाग लिया। यात्रा अगले दो दिन उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ही चलेगी और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय की तरफ प्रस्थान करेगी।