आधी आबादी ने दिखाई पूरी शक्ति
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली चुनावी सियासत में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को देखते हुए भाजपा
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली
चुनावी सियासत में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को देखते हुए भाजपा ने इन्हें अपने पक्ष में करने की तैयारी तेज कर दी है। उसने रामलीला मैदान में महिला हुंकार रैली आयोजित कर विरोधियों को यह संदेश देने की कोशिश की है कि देश की महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से खुश हैं और उन्हें फिर से देश की बागडोर सौंपना चाहती हैं। दिल्ली के सियासी इतिहास में पहली बार किसी पार्टी ने रामलीला मैदान में महिलाओं की रैली करने की पहल की है। इसकी सफलता से उत्साहित भाजपा नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए अब प्रत्येक राज्य में इस तरह की रैली आयोजित करेगी।
भाजपा ने सितंबर में पूर्वाचल महाकुंभ का आयोजन करने के बाद रविवार को महिला हुंकार रैली आयोजित कर दिल्ली में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पूर्वाचल के लोगों ने आम आदमी पार्टी (आप) को दिल्ली की सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए भाजपा ने अपने लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत इन्हीं को लुभाने से की है। दिल्ली में भाजपा अपना मुकाबला आम आदमी पार्टी से मानती है, इसलिए हुंकार रैली में ज्यादातर वक्ताओं के निशाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनकी सरकार रही। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व अन्य वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण के लिए केंद्र सरकार की नीतियां गिनाने के साथ ही पूर्व की कांग्रेस सरकार और दिल्ली की आप सरकार को आड़े हाथों लिया।
रविवार को वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म कांड की बरसी पर वक्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जघन्य कांड पर सियासत करके सत्ता हासिल करने वालों को महिलाओं की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं रहा, इसलिए आज भी दिल्ली में महिलाएं असुरक्षित हैं। सत्ताधारी पार्टी महिला उत्पीड़न के आरोपी नेताओं को बचा रही है जबकि केंद्र की मोदी सरकार महिला सशक्तीकरण को समर्पित है।
रैली में पहुंची महिलाओं को नरेंद्र मोदी सरकार को फिर से प्रधानमंत्री बनाने और अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने का संकल्प भी दिलाया गया। इस रैली से महिलाओं को प्रेरित करने के बाद अब इन्हें बूथ की कमान सौंपने की तैयारी है। मंच से स्मृति ईरानी ने दिल्ली के सभी 13816 मतदान केंद्रों पर दस-दस महिला कार्यकर्ताओं को तैनात करने की घोषणा की। महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी देंगी। उन्हें जिन घरों की जिम्मेदारी दी जाएगी, उनके सदस्यों का मतदान सुनिश्चित करने की जिम्मदारी भी उन्हीं ही होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं व कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बढ़ेगी। वे आप व कांग्रेस के खिलाफ मुखर होकर भाजपा का जनाधार बढ़ाने के लिए काम करेंगी।