मैराथन दौड़ में युवतियों ने दिखाया दम
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : विवेक विहार स्थित यमुना स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह वूम
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : विवेक विहार स्थित यमुना स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह वूमेन मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को समर्पित किया गया। इस अवसर पर करीब पांच हजार महिलाओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा के कई नेताओं की भी उपस्थिति रही।
यूथ पावर वेलफेयर एसोसिएशन व वेदनेक्टर के संयुक्त तत्वाधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के मिशन की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए वूमेन मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन बेहद रोमांचक साबित हुआ। मैराथन दौड़ में सीमा सुरक्षा बल की महिला कर्मचारी किरण ने बाजी मारी। पुरस्कार स्वरूप उन्हें स्कूटी देकर उनकी हौंसलाफजाई की गई। वहीं दूसरे स्थान की विजेता ऊषा को लेपटॉप तथा तीसरा स्थान पर रही रेनू को मोबाइल फोन देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ मिशन के राष्ट्रीय प्रमुख व दिल्ली भाजपा के सह प्रभारी तरुण चुग, विश्वास नगर के विधायक ओम प्रकाश शर्मा व निगम स्थायी समिति की अध्यक्ष लता गुप्ता ने प्रमुख रूप से शिकरत की। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम बच्चों से प्यार करते थे। उनकी याद में इस प्रकार के कार्यक्रम सराहनीय प्रयास हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन जरूरी है। इस दौरान तरुण चुग ने कहा कि आज भी देश में लाखों बच्चियों को गर्भ में ही खत्म कर दिया जाता है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या से संबंधित वर्तमान कानून को और अधिक सख्त बनाने की वकालत की। सांसद महेश गिरी ने महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर हिस्सा लेने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया को बचाने के लिए बेटियों को बचाना जरूरी है। मैराथन के आयोजक व यूथ पावर के चेयरमेन तथा डूसू के पूर्व सहसचिव दीपक बंसल ने युवतियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि लड़कियां किसी भी प्रकार से लड़कों से कम नहीं है। बेटियों के बिना दुनिया की परिकल्पना भी असंभव है। उन्होंने कहा कि बेटी इस समाज की धरोहर है। कार्यक्रम का मंच संचालन विजय बंसल व गुंजन गुप्ता ने किया। वहीं कार्यक्रम के आयोजन में सोनल गुप्ता व आयोजन की सह संयोजक शीतल गुप्ता का प्रमुख योगदान रहा। इस अवसर पर पार्षद सुशील उपाध्याय, विष्णु मित्तल, ललित गोयल, ईश्वर झा, विनय मिश्रा, दीपक गुप्ता, लक्की नागर, रवि नागर, तानी शर्मा, पंकज शर्मा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।