Move to Jagran APP

40 फीसद नए सदस्य बनाएगी भाजपा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में बृहस्पतिवार

By Edited By: Published: Thu, 30 Oct 2014 11:42 PM (IST)Updated: Thu, 30 Oct 2014 11:42 PM (IST)
40 फीसद नए सदस्य बनाएगी भाजपा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

loksabha election banner

सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में बृहस्पतिवार को उत्तर भारत के 17 राज्यों के भाजपा पदाधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शामिल पदाधिकारियों को अपने राज्यों में 40 फीसद नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

कार्यशाला में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड सहित 17 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, संगठन महामंत्री, सदस्यता प्रमुख व सह प्रमुख शामिल हुए। उन्हें राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री जगत प्रकाश नड्डा व सरोज पांडे सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यता अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस समय देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है, जिससे लोगों का रूझान भाजपा की ओर है। इसलिए इस बार सदस्यता अभियान को कामयाब बनाने में मदद मिलेगी। कार्यकर्ताओं को भी इसका लाभ उठाते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। सदस्यता अभियान में परंपरागत तरीकों के साथ ही आइपैड और लैपटाप का भी प्रयोग किए जाने की योजना है, जिससे कि ऑनलाइन तुरंत सदस्यता संख्या उपलब्ध कराई जा सके। दिल्ली में इसकी जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री आशीष सूद के पास है।

इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की भी बैठक हुई, जिसमें सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही रन फॉर यूनिटी पर भी चर्चा की गई। इसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को शामिल करने का फैसला किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली के उपचुनाव की रणनीति पर भी विचार विमर्श किया गया।

बाक्स

दिल्ली भाजपा के सदस्य होंगे प्रधानमंत्री

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दिल्ली भाजपा के सदस्य होंगे। इसके लिए उन्हें एक नवंबर को दिल्ली में सदस्यता दिलाई जाएगी, जिसके लिए प्रदेश के नेता तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान में गुजरात से भाजपा के सदस्य हैं। उल्लेखनीय है कि 1 नवंबर से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। इस बारे में भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय संबंधित मंडल के अध्यक्ष के साथ प्रधानमंत्री के निवास पर जाकर उन्हें सदस्यता दिलाने की औपचारिकता पूरी करेंगे।

इसे लेकर पार्टी के नेताओं में काफी उत्साह है। उनका कहना है कि इससे आम कार्यकर्ता उत्साहित होंगे। नेताओं को प्रधानमंत्री के दिल्ली से पार्टी की सदस्यता लेने से राजधानी में सदस्यता अभियान को लाभ मिलने का भरोसा है। उनका कहना है कि इससे काफी संख्या में लोग भाजपा के साथ जुड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून में चलाए गए विशेष सदस्यता अभियान में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी। वहीं इससे आगामी चुनावों में भी भाजपा को लाभ मिलेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.