मुंबई क्रिकेट में बड़ा फेरबदल, शार्दुल ठाकुर से छीनी गई कप्तानी; MCA ने 'क्राइसिस मैन' को सौंपी कमान
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शार्दुल ठाकुर को कप्तानी से हटा दिया है। ठाकुर की जगह मुंबई के क्राइसिस मैन को ...और पढ़ें

शार्दुल ठाकुर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, मुंबई। मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए शार्दुल ठाकुर की जगह मुंबई का कप्तान नियुक्त किया गया है। शार्दुल को कार्यभार प्रबंधन के तहत इस पद से हटाया गया। शार्दुल ने 2025-26 सत्र के लिए अजिंक्य रहाणे की जगह मुंबई की कप्तानी संभाली थी, जिसमें 42 बार की रणजी ट्रॉफी विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गई थी।
रणजी सत्र की शुरुआत 11 अक्टूबर को होगी और मुंबई की टीम अपने पहले मैच में चंडीगढ़ से भिड़ेगी। मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के एक शीर्ष अधिकारी ने लाड की नियुक्ति की पुष्टि की है। 34 वर्षीय लाड बीच में मुंबई को छोड़कर गोवा चले गए थे। उन्होंने एक साल की कूल ऑफ अवधि पूरी करने के बाद 2024-25 में मुंबई की टीम में वापसी की थी। पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में उन्होंने आठ मैचों में 77.40 की औसत से 774 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
शार्दुल ठाकुर को कप्तानी से हटाया गया
अजिंक्य रहाणे की जगह कप्तान बनाए गए शार्दुल ठाकुर को कप्तानी से हटा दिया गया है। बता दें कि रहाणे ने सीजन से पहले कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और शार्दुल को टीम की कमान मिली। रहाणे ने हाल ही में क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। शार्दुल का वर्कलोड मैनेज करने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें कप्तानी से हटाने का फैसला किया है।
सिद्धेश लाड का फर्स्ट क्लास करियर
सिद्धेश लाड मुंबई के लिए 'क्राइसिस मैन' माने जाते हैं। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए कई बार मुंबई को मुश्किल समय से बाहर निकाला है। उन्होंने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 82 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 44.27 की औसत के साथ 5623 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 15 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 170 रहा है।
