ZIM vs BAN 2nd ODI: बेन करन का शतकीय प्रहार, बांग्लादेश को रौंदकर जिम्बाब्वे ने जीती सीरीज
बेन करन की नाबाद 111 रन की पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे वनडे में बांग्लादेश को 13 रन से हराया।

बेन करन
HighLights
13 रन से जिम्बाब्वे ने जीता मैच
बेन करन ने बनाए नाबाद 111 रन
ब्रैड इवांस ने लगाया अर्धशतक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। प्लेयर ऑफ द मैच बेन करन की नाबाद 111 रन की पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे वनडे में बांग्लादेश को 13 रन से हराया। इस जीत के साथ ही जिम्बाब्वे ने 3 मैचों की वनडे सीरीज 2-0 से अपने नाम की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश टीम 48.1 ओवर में 234 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले सोमवार को खेले गए पहले वनडे में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 25 रन से हराया था। सीरीज का आखिरी मैच शनिवार को खेला जाएगा।
बेनेट का नहीं खुला खाता
जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में तस्कीन अहमद ने ब्रायन बेनेट को बोल्ड किया। बेनेट का खाता तक नहीं खुला। इसके बाद इनोसेंट काइया ने 4, क्रेग इरविन ने 9, वेस्ली मधेवेरे ने 15, सिकंदर रजा ने 33 और क्लाइव मदांडे ने 4 रन बनाए। बेन करन और ब्रैड इवांस के बीच 7वें विकेट के लिए 79 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी हुई।
बेन ने बनाए 111 रन
बेन ने शतक तो ब्रैड ने अर्धशतक लगाया। बेन ने 135 गेंदों पर नाबाद 111 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। वहीं ब्रैड 38 गेंदों पर 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 5 शानदार छक्के लगाए। तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2 विकेट चटकाए।
तमीम ने लगाई फिफ्टी
248 रन चेज करने उतरी बांग्लादेश की ओर से तंजीद हसन तमीम और तौहीद हृदय ने फिफ्टी लगाई। ओपनर तंजीद ने 70 गेंदों पर 57 रन जड़े। वहीं तौहीद ने 90 गेंदों का सामना किया और 60 रन बनाए। विकेटकीपर नुरुल हसन ने 41 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली। कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 27 रनों का योगदान दिया। कप्तान रिचर्ड नगारवा के खाते में 3 विकेट आए। वहीं ब्लेसिंग मुजराबानी और ब्रैड इवांस ने 2-2 विकेट झटके।
