विराट व रहाणे ने भारतीय टीम को दिलाई जीत, द. अफ्रीका को 6 विकेट से हराया
भारत ने द. अफ्रीका को डरबन में हरा दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत ने पहले वनडे मुकाबले में द. अफ्रीका को 6 विकेट से हरा दिया। अब 6 वनडे मैचों की सीरीज में भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त मिल गई है। इस मुकाबले में द. अफ्रीका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने के फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटीज ने कप्तान डू प्लेसिस के शानदार शतक के दम पर निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 269 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 270 रन का लक्ष्य मिला था जिसे मेहमान टीम ने विराट की शानदार शतक के दम पर 45.3 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। डरबन में वनडे में ये भारतीय टीम की पहली जीत थी।
विराट व रहाणे की रिकॉर्ड साझेदारी
दूसरी पारी में भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे और उन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स भी लगाए। पहले विकेट के लिए उन्होंने शिखर के साथ मिलकर 33 रन की साझेदारी की। रोहित 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर मोर्कल की गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक के हाथों लपके गए। शिखर धवन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। एक गेंद उनके पैड पर लगी और LBW का अपील किया गया। तब तक विराट ने उन्हें दूसरे एंड से आवाज लगाई और रन के लिए दौड़ा दिया लेकिन मार्करम का थ्रो सीधा विकेट पर लगा और धवन रन आउट हो गए। धवन ने 35 रन बनाए। रहाणे ने प्रोटीज के खिलाफ शानदार 79 रन की पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए कप्तान विराट के साथ द. अफ्रीका में रिकॉर्ड 189 रन की साझेदारी की। रहाणे को फेलुकवायो की गेंद पर इमरान ताहिर ने लपका। विराट कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए शतक लगाया। उन्होंने 119 गेंदों पर 112 रन की पारी खेली। फेलुकवायो की गेंद पर विराट को कैच रबादा ने पकड़ा। डरबन में ये विराट का पहला वनडे शतक था। धौनी 4 रन बनाकर जबकि पांड्या 3 रन बनाकर नाबाद रहे।
डू प्लेसिस का शानदार शतक
भारत को पहली सफलता जसप्रीत बुमराह ने दिलाई। बुमराह ने 16 रन पर खेल रहे अमला को LBW आउट कर द. अफ्रीका को पहला झटका दे दिया। इसके बाद डि कॉक को 34 रन पर चहल ने LBW आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिला दी। मार्करम (09) चहल की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में पांड्या को कैच दे बैठे। पांड्या ने भी बेहतरीन कैच पकड़कर द. अफ्रीका को तीसरा झटका दे दिया। 12 रन बनाकर खेल रहे जे पी डुमिनी को कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी से ऐसा चकमा दिया कि वो बोल्ड हो गए। 7 रन बनाकर डेविड मिलर कुलदीप यादव की गेंद पर विराट कोहली को कैच थमा बैठे। चाइनामैन कुलदीप यादव ने अपना तीसरा शिकार क्रिेस मॉरिस को बनाया और 37 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। द. अफ्रीकी कप्तान डू प्लेसिस ने अपने वनडे करियर का 9 वां शतक लगाया। उन्होंने 101 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। प्लेसिस ने इस मैच में कुल 120 रन बनाए और 112 गेंदों का सामना किया। उनकी पारी का अंत भुवी ने किया। भुवी की गेंद पर प्लेसिस का कैच हार्दिक पांड्या ने पकड़ा। रबादा एक रन बनाकर रन आउट हो गए। फेलुकवायो ने नाबाद 27 रन की पारी खेली।
भारतीय स्पिनर्स ने इस मैच में कमाल की गेंदबाजी की। कुलदीप यादव ने 3 और युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट लिए। भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिए।