SL A vs PAK A: पाकिस्तान को सांस रोक देने वाले मुकाबले में हराकर एशिया का 'किंग' बना श्रीलंका, तीसरी बार खिताब पर जमाया कब्जा
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल मुकाबला श्रीलंका-ए और पाकिस्तान-ए के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने जीत दर्ज कर तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमा लिया है।

निशान मदुश्का
HighLights
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला गया एशिया कप राइजिंग स्टार्स का फाइनल
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 216 रन
श्रीलंका ने तीसरी बार जीता खिताब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रविंदु फर्नांडो और गरुका संकेत की घातक गेंदबाजी के बाद निशान मदुश्का की दमदार पारी के दम पर श्रीलंका-ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। दोनों टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया और श्रीलंका ने 1 विकेट से जीत हासिल की। पवन रत्नायके की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में अजेय पाकिस्तान-ए को हराकर तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उन्होंने आखिरी बार 2018 में खिताब अपने नाम किया था।
पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए दोनों ही टीमें फाइनल से पहले अजेय रही थीं और एक भी मैच नहीं हारी थी। हालांकि, फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के गेंदबाजों ने कहर बरपाती गेंदबाजी की, जिससे पाकिस्तानी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके और पूरी टीम 216 रन ही बना सकी। इस लक्ष्य को श्रीलंका-ए ने 41.3 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की।
पाकिस्तान की शुरुआत
पाक की शुरुआत मुकाबले में अच्छी नहीं रही क्योंकि माज सदाकत के रूप में उन्होंने 13 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। इसके बाद शमील हुसैन और शाहजैब खान ने मोर्चा संभाला। शमील 40 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें गरुका संकेत ने अपना शिकार बनाया और इसके बाद से लगातार पाकिस्तान के एक छोर से विकेट गिरते रहे। हालांकि, दूसरे छोर पर शाहजैब टिके रहे।
कप्तान अब्दुल समद (33) ने उनका साथ निभाने की कोशिश की लेकिन निपुण धनंजय ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। समद के बाद बल्लेबाजी करने आए फरहान युसूफ भी कमाल नहीं कर सके और सात रन बनाकर आउट हो गए।
रोहैल नजीर के दम पर 200 के पार पहुंचा पाकिस्तान
पाकिस्तानी टीम ने एक समय पर 167 रनों पर आठ विकेट गंवा दिए थे। वहां से ऐसा लग रहा था कि अब्दुल समद की कप्तानी वाली पाकिस्तान-ए टीम 200 रन भी नहीं बना सकेगी। हालांकि, इसके बाद रोहैल नजीर ने अंतिम ओवरों में कुछ हिटिंग की और 37 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 216/9 रन बनाए।
श्रीलंका की ताबड़तोड़ शुरुआत
पाकिस्तान के द्वारा दिए गए 217 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका-ए ने तेज तर्रार शुरुआत की। हालांकि, उन्हें सिनेथ जवर्धने के रूप में 38 रनों के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब भारत-ए के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले जयवर्धने 20 रन बनाकर आउट हो गए। लसिथ क्रूसपुल भी 26 रन बनाकर आउट हुए लेकिन श्रीलंका ने 10 ओवर में 60 रन ठोक डाले थे, जिससे पाकिस्तानी टीम शुरुआत से ही बैकफुट पर चली गई।
दो विकेट गंवाने के बाद निशान मदुश्का और पवन रत्नायके ने पारी को संभाली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को स्पिनर सुफियान मुकीम ने तोड़ दिया, जिन्होंने रत्नायके को 30 रनों के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया।
पाकिस्तानी गेंदबाजों ने की वापसी
रत्नायके के आउट होने के बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मैच में वापसी की। सुफियान ने उसी ओवर में रत्नायके के बाद निपुण धनंजय को भी अपना शिकार बना लिया। धनंजय के बाद जनिथ लियानागे भी 11 रन बनाकर आउट हुए, उन्हें माज सदाकत ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। रविंदु फर्नांडो भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके और तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसी के साथ श्रीलंका का स्कोर 176/6 हो गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।