SL A vs IND A: ध्रुव जुरैल ने दिलाई विशाल बढ़त, इंडिया ए ने पहली पारी 452 रन बनाकर घोषित की
कप्तान ध्रुव जुरैल के नाबाद 141 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत-ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच की पहली ...और पढ़ें
-1782482140488_m.webp)
ध्रुव जुरैल
HighLights
श्रीलंका-ए ने दो विकेट के नुकसान पर बनाए 113 रन
कप्तान ध्रुव जुरैल ने खेली 141 रन की शानदार पारी
सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने बनाए 132 रन
गाले, पीटीआई। कप्तान ध्रुव जुरैल के नाबाद 141 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत-ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच की पहली पारी में छह विकेट पर 452 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती दो झटके देकर श्रीलंका ए को दबाव में ला दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका-ए ने दो विकेट पर 113 रन बनाए थे और वह पहली पारी के आधार पर अभी भी 339 रन पीछे है।
भारत के लिए अंशुल कंबोज (1/22) और यश ठाकुर (1/20) ने एक-एक विकेट लेकर मेजबान टीम की शुरुआत खराब कर दी। कंबोज ने विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (10) को शेख राशीद के हाथों कैच कराया, जबकि ठाकुर ने पवन्था वीरासिंघे (11) को बोल्ड कर दिया।
हालांकि, नुवानिडु फर्नांडो ने संयम और आक्रामकता का अच्छा मिश्रण दिखाते हुए 103 गेंदों में सात चौकों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए। उनके साथ अशेन बंडारा 18 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे। 38 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 75 रन जोड़कर टीम को संभाला।
68 रन से खेलना शुरू किया
इससे पहले जुरैल ने दूसरे दिन 68 रन से आगे खेलना शुरू किया और 215 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 141 रन बनाए। उनकी पारी में धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला, जिससे भारत-ए मजबूत स्थिति में पहुंच गया।
उनके साथ रात के नाबाद बल्लेबाज शेख राशीद ने 113 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 63 रन बनाए। वह दूसरे दिन अपने 53 रन के स्कोर में सिर्फ 10 रन और जोड़ सके। दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के पहले दिन भारत-ए ने चार विकेट पर 333 रन बनाए थे।
साई ने ठोके 132 रन
प्रारंभिक बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 132 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि आयुष पांडे (25), देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके थे। दूसरे दिन श्रीलंका के तेज गेंदबाज चमिका गुणसेकरा ने दो और विकेट लेकर भारत-ए की प्रगति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया। उन्होंने राशीद को बोल्ड कर पांचवें विकेट की 119 रन की साझेदारी तोड़ी और फिर हर्ष दुबे (30) को भी पवेलियन भेजा।
विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने 51 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। उन्होंने जुरैल के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन की उपयोगी साझेदारी की। श्रीलंका की ओर से आकिब नबी दूसरे दिन सात ओवर गेंदबाजी करने के बावजूद कोई विकेट नहीं ले सके। वहीं भारत की दूसरी पारी में स्पिनरों हर्ष दुबे और सारांश जैन भी विकेट हासिल नहीं कर पाए।
