बदनामी के दौर में पाकिस्तान के लिए आई अच्छी खबर, शादाब खान ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास
पाकिस्तान के लेग स्पिनर शादाब खान इस समय कैरिबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेल रहे हैं और उन्होंने इस लीग में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है।

शादाब खान ने रचा इतिहास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट इस समय बुरे दौर से गुजर रहा है। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की लगातार फजीहत हो रही है और बोर्ड को लगातार बदलाव करने पड़ रहे हैं। इन बुरी खबरों के बीच पाकिस्तान के लिए एक राहत वाली खबर भी है। शादाब खान ने हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने ये हैट्रिक कैरिबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में ली है।
सीपीएल में शादाब एंटिगा एंड बारबुडा फाल्कंस के लिए खेल रहे हैं और इस टीम ने पहले क्वालिफायर में गयाना अमेजन वॉरियर्स को मात दी है। इस जीत में शादाब का अहम रोल रहा। गयाना की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 76 रनों पर ही ढेर हो गई थी। फाल्कंस ने ये टारगेट 5.2 ओवरों में हासिल कर लिया।
रच दिया इतिहास
शादाब ने इस मैच में अपने कोटे के चार ओवरों में 16 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। इसमें हैट्रिक शामिल रही जो उन्होंने नौवें ओवर में ली। इस ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने खतरनाक शिमरॉन हेटमायर को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ दो रन ही बना सके। अगली गेंद पर उन्होंने मेहदी हसन मिराज का विकेट लिया। फिर आखिरी गेंद पर क्वेंटिन सैम्पसन को बोल्ड कर अपनी हैट्रिक पूरी।
ये उनकी टी20 में दूसरी हैट्रिक है। वह पाकिस्तान के लिए एक से ज्यादा हैट्रिक लेने वाले दूसरे ही गेंदबाज हैं। उनसे पहले ये काम मोहम्मद समी ने किया था जिनके नाम तीन हैट्रिक हैं। इन तीनों के अलावा शादाब ने इमरान ताहिर का भी विकेट लिया जो उनके चौथे शिकार बने। शादाब की गेंदबाजी के कारण ही गयाना की टीम सस्ते में ढेर हो गई।
रखीम कॉर्नवाल का कमाल
फाल्कंस के लिए ये टारगेट आसान था और उसने महज 5.2 ओवरों में इसे चेज कर लिया। उसके लिए रखीम कॉर्नवाल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। इस खिलाड़ी ने 16 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे। वह अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और आउट हुए। एविन लुइस ने 13 गेंदों पर 23 और आमिर जांगू चार गेंदों पर चार रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाकर लौटे।
