विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranji Trophy Round-up: यूपी की जीत की राह का रोड़ा बना मौसम, कोटियान के पंच से पस्त हुआ हरियाणा; बडोनी का दोहरा शतक गया बेकार

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:46 PM (IST)

रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी का मैच खराब रोशनी के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जबकि मुंबई ने ...और पढ़ें

तनुष कोटियान-आयुष बडोनी

तनुष कोटियान-आयुष बडोनी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए में पुडुचेरी के विरुद्ध मुकाबले में गुरुवार को चौथे दिन जीत की दहलीज पर खड़ा उत्तर प्रदेश खराब रोशनी के चलते विजय से चूक गया और पुडुचेरी से ड्रॉ खेलने पर मजबूर हुआ। करण शर्मा के शतक की बदौलत पहली पारी में 333 रन बनाकर और फिर जीशान अंसारी व कार्तिक यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर पुडुचेरी को 172 रन पर समेटकर फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया।

उप्र टीम को चौथे दिन अपनी जीत के प्रति पूरी आश्वस्त थी, लेकिन एक और पुडुचेरी के मध्यक्रम के बल्लेबाज अंकित शर्मा सिर्फ 38 रन बनाने में 178 गेंदों का सामना कर उप्र की जीत का इंतजार बढ़ाते रहे और फिर खराब रोशनी ने दिन के खेल को घंटे भर पहले ही समाप्त कर इस इंतजार को इंतजार ही रहने दिया। पुडुचेरी ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 211 रन बनाए।

उत्तर प्रदेश नहीं जीत सकी मुकाबला

अंकित से पहले अमन खान ने 62 और रितेश ने 41 रन का अहम योगदान दिया। इससे पुडुचेरी की बढ़त 50 रन तक पहुंच गई थी, हालांकि उप्र पुडुचेरी के दो और विकट को जल्दी से निकालकर बल्लेबाजी करता तो जीत उसके हाथ में होती, लेकिन खराब रोशनी ने ऐसा होने नहीं दिया। मुकाबले के पहले दिन भी खराब रोशनी के चलते केवल 37 ओवर ही फेंके जा सके थे। पुडुचेरी की दूसरी पारी में उप्र की ओर से कार्तिक यादव ने छह और वंश चौधरी ने दो विकेट लिए। उप्र के करण शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वर्षा के चलते दिल्ली-झांरखंड के बीच मैच ड्रॉ

बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात अरनाब के कारण ग्रुप-सी में दिल्ली और झारखंड के बीच लगातार तीसरे और चौथे दिन खेल नहीं हो सका, जिसकी वजह से मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर दिल्ली को तीन अंक मिले, जबकि झारखंड को एक अंक मिला।

दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी का लगातार दूसरा दोहरा शतक इस मैच का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा। दिल्ली ने 515/5 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की थी। जवाब में झारखंड ने 47 ओवर में 131/4 रन बनाए थे, जिसके बाद बारिश के कारण बाकी के दो दिन का खेल धुल गया। बडोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रमाणिक के दस के दम से बंगाल ने केरलम को हराया

ग्रुप-सी में स्पिनर प्रदीप्ता प्रमाणिक के दस विकेट और शाहबाज अहमद के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर बंगाल ने केरलम को 287 रन से हराया। जीत के लिए 408 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केरलम की टीम 120 रन पर सिमट गई गई। बंगाल लगातार तीसरी जीत से 18 अंक के साथ ग्रुप सी में शीर्ष पर है। प्रमाणिक ने दूसरी पारी में छह, जबकि पहली पारी में चार विकेट चटकाए। मोहम्मद शमी ने कुल पांच विकेट लिए।

शाहबाज के शतक की बदौलत बंगाल ने पहली पारी में 350 रन बनाए थे। जबाव में केरल 141 रन ही बना सका था। बंगाल ने दूसरी पारी में 198 रन और बनाए। शहबाज ने दोनों पारियों में दो-दो विकेट लिए।

कोटियान के आठ विकेट से हरियाणा पस्त

तनुष कोटियन ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 81 रन देकर आठ विकेट लिए, जिससे मुंबई ने ग्रुप-डी में चौथे दिन हरियाणा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर लगातार तीसरे मैच में बोनस अंक हासिल किया। मुंबई ने 97 रन के लक्ष्य को अंगकृष रघुवंशी (67*) और दिव्यांश सक्सेना (30*) की बदौलत केवल 10.4 ओवर में हासिल कर लिया।

मुंबई ने अपनी पहली पारी में 430 रन बनाए थे, जिसके जवाब में हरियाणा 270 रन ही बना पाया था और उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा और दूसरी पारी में 256 रन ही बना सका। वहीं ग्रुप बी में सिकंद्राबाद में पंजाब और हैदराबाद के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। पंजाब के 431 रन के जवाब में हैदराबाद ने 380 रन बनाए थे। पंजाब ने दूसरी पारी में चौथे दिन की समाप्ति तक छह विकेट पर 240 रन और बनाए।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: भारतीय बल्लेबाजी के साथ छोटी बाउंड्री बढ़ाएगी कीवियों की मुश्किल, लाज बचाने उतरेगी न्यूजीलैंड की टीम

यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ करने के लिए तिलक वर्मा ने भरी हुंकार, चौथे T20I से पहले कीवियों को दी चेतावनी