Ranji Trophy Round-up: बडोनी ने दोहरा शतक लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, प्रियांशु ने जड़ी ट्रिपल सेंचुरी; मध्य प्रदेश ने बिहार को रौंदा
रणजी ट्रॉफी में आयुष बडोनी ने दोहरा शतक जड़कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, जबकि प्रियांशु मोलिया ने तिहरा शतक ...और पढ़ें

आयुष बडोनी-प्रियांशु मोलिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए में उत्तर प्रदेश की टीम ने पुडुचेरी के विरुद्ध पहले दिन शुरुआती झटकों के उबरते हुए दूसरे दिन मंगलवार को करण शर्मा (162*) और शिवम मावी (50) की पारियों के दम पर दिखा ही दिया कि सत्र की शुरुआत में बिहार और गोवा को हराने के बाद उसका दमखम अब भी बरकरार है।
पुडुचेरी में चल रहे इस मुकाबले में उप्र टीम ने दूसरे दिन चार विकेट पर 67 रन से आगे खेलना शुरू किया था और दिन के अंत तक स्कोर को नौ विकेट पर 328 रन तक पहुंचा दिया। बल्लेबाजी ऑलराउंडर करण शर्मा उप्र के निरंतर अंतराल पर गिरते विकेटों के बीच एक छोर पर टिके रहे और अपनी पारी में उन्होंने 13 चौके और छह छक्के जड़े। शिवम मावी के साथ उन्होंने 87 रन की साझेदारी की।
स्टंप्स के समय वंश चौधरी बिना खाता खोले करण के साथ क्रीज पर टिके हुए थे। तीसरे दिन वंश कुछ देर अपना विकेट संभाल पाए तो करण उप्र के स्कोर को और मजबूत कर देंगे। पुडुचेरी के लिए सागर उदेशी ने सर्वाधिक चार विकेट लिए, जबकि अंकित शर्मा ने तीन विकेट चटकाए।
बडोनी के रिकॉर्ड दोहरे शतक से दिल्ली का विशाल स्कोर
रांची में ग्रुप्र-सी में कप्तान आयुष बडोनी की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली दोहरी शतकीय पारी (210) और सुमित माथुर के नाबाद शतक (150) की बदौलत दिल्ली ने झारखंड के विरुद्ध पहली पारी 515/5 पर घोषित की। आयुष ने गुजरात के बाद झांरखंड के विरुद्ध भी दूसरा दोहरा शतक जड़ा, जिससे वह प्रथम श्रेणी के लगातार दो मैचों दोहरा शतक जड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए।
हालांकि दिल्ली के लिए गौतम गंभीर और विराट कोहली सहित भारत के कुल 21 बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक झारखंड ने पहली पारी में चार विकेट पर 131 रन बना लिए थे। वह दिल्ली से 384 रन पीछे है। बडोनी और माथुर ने छठे विकेट के लिए 334 रनों की नाबाद साझेदारी की। बडोनी ने 228 गेंदों में 22 चौकों और नौ छक्के लगाए।
मप्र ने बिहार को पारी और 174 रन से हराया
स्पिनर सारांश जैन (13 विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश ने ग्रुप-ए में मंगलवार को खेल के दूसरे दिन ही बिहार को पारी और 174 रन से करारी शिकस्त दी। पहली पारी में 14 रन देकर सात विकेट लेने वाले सारांश ने दूसरी पारी में 49 रन देकर छह विकेट हासिल किए। इससे पहले मध्य प्रदेश ने दूसरे दिन अपनी पहली पारी सक्षम पुरोहित (132) और कप्तान रजत पाटीदार (109) के शतकों की बदौलत आठ विकेट पर 407 रन बनाकर घोषित की। पहली पारी में 99 रन बनाने वाला बिहार दूसरी पारी में भी 134 रन पर सिमट गया।
बड़ौदा के प्रियांशु ने जड़ा तिहरा शतक
ग्रुप-ए के एक अन्य मुकाबले बड़ौदा ने युवा बल्लेबाज प्रियांशु मोलिया की नाबाद 321 रन के दम पर गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध पहली पारी में 616 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 21 वर्षीय प्रियांशु ने 492 गेंदों का सामना करते हुए 36 चौके और एक छक्का लगाया। पिछले मुकाबले में भी उन्होंने शतक लगाया था। महेश पिठिया ने भी 102 रन की शतकीय पारी खेली। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक जम्मू-कश्मीर ने चार ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए छह रन बना लिए थे।
मुंबई के आगे हरियाणा ने भी जमाए पैर
ग्रुप डी में मुंबई के पहली पारी में 430 रन के जवाब में दूसरे दिन के अंत तक हरियाणा ने भी दो विकेट पर 108 रन बनाकर संघर्ष का परिचय दिया। मुंबई की ओर से दोनों विकेट मुशीर ने लिए। उन्होंने अंकित कुमार (35) और हिमांशु राणा (27) को पवेलियन भेजा। स्टंप के समय धीरू सिंह 23 ओर निशांत सिंधू 17 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले मुंबई की पारी में हरियाणा के सामंत जाखड़ ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए।
चंडीगढ़ के लिए नेहल का दोहरा शतक
ग्रुप डी के एक अन्य मुकाबले में सलामी बल्लेबाज नेहल पजनी के दोहरे शतक की मदद से चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश के विरुद्ध पांच विकेट पर 685 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। जवाब में हिमाचल प्रदेश ने बिना कोई विकेट गंवाए 49 रन बना लिए थे। वहीं देहरादून में राजस्थान के 272 रन के जवाब में उत्तराखंड पहली पारी में 194 रन पर सिमट गया। दूसरी पारी में राजस्थान ने एक विकेट पर 39 रन बनाकर कुल बढ़त 117 रन कर ली।
