Pak vs NZ: केन विलियमसन शतक के करीब, पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में
न्यूजीलैंड ने बे ओवल मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का अंत तीन विकेट के नुकसान पर 222 रनों के साथ किया। कप्तान केन विलियमसन शतक के करीब हैं। वह 94 रन बनाकर खेल रहे हैं।
माउंट माउंगानुई, एएफपी। Pakistan vs New Zealand 1st test match: न्यूजीलैंड ने बे ओवल मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का अंत तीन विकेट के नुकसान पर 222 रनों के साथ किया। कप्तान केन विलियमसन शतक के करीब हैं। वह 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ हेनरी निकोल्स 42 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उसे शुरुआत भी अच्छी मिली। टॉम लाथम (4) और टॉम ब्लंडल (5) की सलामी जोड़ी को शाहीन शाह अफरीदी ने पवेलियन भेज दिया, लेकिन इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाज परेशान हो गए। केन विलियमसन ने पैर जमाए और उनका अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर ने भरपूर साथ दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। इसमें से 70 रन टेलर के थे। उनकी पारी का अंत भी अफरीदी ने 133 के कुल स्कोर पर किया।
टेलर ने अपनी पारी में 151 गेंदों का सामना किया और 10 चौकों के अलावा एक छक्का लगाया। विलियमसन को फिर निकोल्स का साथ मिला। दोनों ने मिलकर स्टंप तक पाकिस्तान को चौथा विकेट नहीं लेने दिया। दोनों के बीच अभी तक 89 रनों की साझेदारी हो चुकी है। निकोलस ने अपनी पारी में 100 गेंदों का सामना किया है और चार चौके लगा चुके हैं।
वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के लेग स्पिनर शादाब खान न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी मैदान पर नहीं उतर पाएंगे। पीसीबी के मेडिकल स्टाफ ने उन्हें छह सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस बात की जानकारी दी। न्यूजीलैंड के साथ खेली जा रही टेस्ट सीरीज का अंत सात जनवरी को होगा। नेपियर में इसी सप्ताह की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी-20 मैच में चोट लग गई थी।