विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

NZ vs NED: बल्ले के बाद गेंद से भी लूटी Mitchell Santner ने महफिल, न्यूजीलैंड ने चखा लगातार दूसरी जीत का स्वाद

By Shubham MishraEdited By: Shubham Mishra
Published: Mon, 09 Oct 2023 10:03 PM (IST)

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत का स्वाद चख लिया है। एकतरफा मुकाबले में कीवी टीम ...और पढ़ें

मिचेल सैंटनर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके
मिचेल सैंटनर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके

HighLights

  1. न्यूजीलैंड ने एकतरफा मैच में नीदरलैंड्स को 99 रन से हराया।
  2. मिचेल सैंटनर ने झटके पांच विकेट।
  3. वर्ल्ड कप 2023 में न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी जीत।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत का स्वाद चख लिया है। एकतरफा मुकाबले में कीवी टीम ने नीदरलैंड्स को 99 रन से पटखनी दी। मिचेल सैंटनर विपक्षी टीम के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे और उन्होंने पांच विकेट अपने नाम किए। वहीं, मैट हेनरी की झोली में भी तीन विकेट आए। न्यूजीलैंड से मिले 323 रन के लक्ष्य के जवाब में नीदरलैंड्स की पूरी टीम 223 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

मिचेल सैंटनर ने बरपाया कहर

323 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 21 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद मिचेल सैंटनर ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरा और नीदरलैंड्स के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करके रख दिया। सैंटनर ने अपने 10 ओवर में 59 रन खर्च करते हुए पांच विकेट झटके। सैंटनर की घूमती गेंदों के आगे विपक्षी टीम का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। नीदरलैंड्स की तरफ से सर्वाधिक 69 रन कॉलिन एकेरमैन के बल्ले से आए।

तीन बल्लेबाजों ने जमाए अर्धशतक

न्यूजीलैंड की ओर से बल्लेबाजी में तीन बैटर्स ने अर्धशतक जमाए। पिछले मैच में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे विल यंग इस मुकाबले में बेहतरीन फॉर्म में दिखाई दिए और उन्होंने 70 रन की दमदार पारी खेली। वहीं, रचिन रविंद्र ने 51 रन का योगदान दिया। कप्तान टॉम लाथम ने तेज तर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 53 रन बनाए। डेरियल मिचेल ने भी 48 रन बनाए।

सैंटनर ने बल्ले से भी मचाया धमाल

गेंद से पांच विकेट झटकने वाले मिचेल सैंटनर ने बल्ले से भी खूब धमाल मचाया। सैंटनर ने आखिरी के ओवर्स में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों पर 36 रन कूटे। 211 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सैंटनर ने तीन चौके और दो गगनचुंबी छक्के जमाए, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड की टीम बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही।