कोलकाता टेस्ट में दूसरे दिन का खेल भी बर्बाद, भारी बारिश से पानी-पानी हुआ मैदान
कोलकाता टेस्ट में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है।
कोलकाता, जेएनएन। भारत-श्रीलंका के बीच कोलकाता में हो रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 74 रन बनाए हैं। चेतेश्वर पुजारा 47 और रिद्धिमान साहा 06 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दोपहर में बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा और इसके बाद खेल शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार को करीब दो घंटे के खेल के बाद ही बारिश शुरू हो गई थी। खेल का समय बचाने के लिए लंच और चायकाल भी समय से पहले कर लिया गया था, लेकिन मैदान की हालत देखते हुए अंपायरों ने दूसरे दिन का खेल खत्म करने का फैसला लिया।
ऐसे गिरे दो विकेट
दाशुन शनाका ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत में अजिंक्य रहाणे (04) को विकेट के पीछे निरोशन डिकवेला के हाथों कैच करवाकर भारत को चौथा झटका दिया। इसके बाद अश्विन (04) को शनाका ने करुणारत्ने के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पांचवां झटका दे दिया। गुरुवार को पहले दिन केवल 11.5 ओवरों का खेल हो सका था। शुक्रवार को सुबह 9:15 बजे खेल शुरू हुआ।
पहले दिन का हाल
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मैच के पहले दिन बारिश और कम रोशनी की वजह से केवल 11.5 ओवर का खेल ही हो सका। पहले दिन भारत ने 03 विकेट के नुकसान पर 17 रन बनाए थे। गुरुवार को बारिश से बाधित मैच में श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज सुरंगा लकमल ने मैच की पहली ही गेंद पर लोकेश राहुल को विकेट के पीछे कैच आउट कर दिया। 08 रनों पर शिखर धवन को भी लकमल ने बोल्ड किया। लकमल ने ही कप्तान विराट कोहली (00) को एलबीडब्ल्यू आउट कर टीम इंडिया को तीसरा झटका दिया।