नामीबिया ने आयरलैंड को हरा रचा इतिहास, पहली बार किया ये अनोखा काम; विश्व क्रिकेट में बज रहा डंका
नामीबिया क्रिकेट टीम ने आयरलैंड को 5 मैचों की वनडे सीरीज में 3-2 से हराकर इतिहास रच दिया है। यह ...और पढ़ें

नामीबिया ने किया सीरीज पर कब्जा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नामीबिया क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। इस टीम ने वो काम कर दिया है जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। नहीं, इस टीम ने बड़ी टीम के खिलाफ सिर्फ मैच नहीं जीता है बल्कि पांच मैचों की सीरीज पर कब्जा किया है। नामीबिया ने आयरलैंड को पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-2 से हरा दिया। यह उसकी टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ पहली वनडे सीरीज जीत है।
अगले साल नामीबिया को साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ मिलकर वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करनी है और यह जीत उसके लिए काफी बड़ी है। इस जीत ने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को काफी ऊपर पहुंचाया है।
आखिरी मैच में निकला फैसला
सीरीज में नामीबिया ने कितना शानदार खेल दिखाया इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सीरीज का फैसला आखिरी मैच से निकला है। आयरलैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी की, लेकिन बड़ा स्कोर नहीं कर पाई। नामीबिया ने उसे 129 रनों पर ही ढेर कर दिया था। फिर इस टारगेट को उसने पांच विकेट खोकर 21.2 ओवरों में हासिल कर लिया।
यह खिलाड़ी रहे हीरो
आयरलैंड को सस्ते में ढेर करने में नामीबिया के जेजे स्मिट का अहम रोल रहा जिन्होंने चार विकेट लिए। उनके अलावा जैक ब्रैसेल ने तीन सफलताएं हासिल कीं। रुबेन ट्रम्पेलमैन, मैक्स हेइंगो और विलियम मायबर्घ के हिस्से एक-एक विकेट आया। वहीं, लॉरेन स्टीनकैम्प ने 46 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। पूरी सीरीज में टीम के कप्तान जेरहार्ड इरसमस ने शानदार बल्लेबाजी की और 263 रन बनाए। उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।