विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CSK vs SRH: ईशान किशन की तूफानी पारी ने हैदराबाद को प्लेऑफ में दिलाई जगह, चेन्नई को घर में मिली 5 विकेट से हार

Published: Mon, 18 May 2026 11:50 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 19 May 2026 02:12 AM (GMT+05:30)

सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को मात देकर प्लेऑफ में जगह बना ली है। उसने अपने साथ-साथ गुजरात टाइटंस को भी प्लेऑफ में जगह दिला दी है।

सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाई प्लेऑफ में जगह

सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाई प्लेऑफ में जगह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ईशान किशन (70) की शानदार पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को आईपीएल-2026 के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने अपने घर चेपॉक में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 180 रन बनाए। हैदराबाद ने ये स्कोर 19 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ ही हैदराबाद ने प्लेऑफ में जगह बना ली है। उसकी जीत से गुजरात टाइटंस को भी फायदा हुआ है और वह भी प्लेऑफ में पहुंच गई है। हैदराबाद के 13 मैचों में आठ जीत और पांच हार के बाद 16 अंक हो गए हैं। गुजरात के आंकड़े भी ऐसे ही हैं।

नहीं मिली तूफानी शुरुआत

181 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी हैदराबाद को वो तूफानी शुरुआत नहीं मिली जिसकी उम्मीद उससे की जाती है। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में आए ट्रेविस हेड गेंद को मिडिल नहीं कर पा रहे थे और तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने छह गेंदों पर छह रन बनाए। हेड जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 18 रन था।

हालांकि, ईशान किशन और अभिषेक ने कुछ हाथ दिखाए जिसके दम पर टीम पावरप्ले में एक विकेट खोकर 45 रन बनाने में सफल रही।

अभिषेक भी हुए फेल

हेड के जाने के बाद सारी नजरें अभिषेक पर टिकी थीं। वह भी आज खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे थे। आखिरकार आठवें ओवर का चौथी गेंद पर उनका भी विकेट गिर गया। अकील हुसैन ने उन्हें स्पेंसर जॉनसन के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाने में सफल रहे।

ईशान किशन अभी भी क्रीज पर थे और उनका साथ देने आए हेनरिक क्लासेन। इस तूफानी बल्लेबाज को 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर जीवनदान मिल गया। स्पेंसर जॉनसन ने डीप स्क्वायर लेग पर उनका कैच छोड़ दिया। यहां क्लासेन सिर्फ 18 रन पर ही थे। यहां से फिर क्लासेन हावी हो गए और इसी ओवर में उन्होंने 15 रन ठोक दिए। 

इन दोनों ही बल्लेबाजों ने फिर चेन्नई के गेंदबाजों को परेशान किया और तेजी से रन बनाए। 14वां ओवर फेंकने आए शिवम दुबे के ओवर में दो चौकों सहित 12 रन दिए। यहां चेन्नई बैकफुट पर थी और हैदराबाद की जीत की उम्मीदें ज्यादा दिख रही थीं। 

नूर अहमद ने दिलाई सफलता

जब लग रहा था कि हैदराबाद हावी हो रही है तभी नूर अहमद ने 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्लासेन को संजू के हाथों स्टम्प कर दिया। नूर की गेंद पर क्लासेन हवा में बीट हुए और संजू ने तुरंत ही उनके डंडे उड़ा दिए। क्लासेन तीन रनों से अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 26 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों  की मदद से 47 रन बनाए। 

18वें ओवर की पहली गेंद पर मुकेश चौधरी ने नीतीश रेड्डी को आउट कर हैदराबाद को चौथा झटका दे दिया। दाएं हाथ का ये बल्लेबाज सात गेंदों पर 11 रन ही बना सका। ईशान ने एक छोर संभाले रखा और टीम को जीत के करीब ले गए। हैदराबाद को जब छह रनों की जरूरत थी तब वह आउट हो गए। उन्होंने 47 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के मारे। स्मरण रविचंद्रन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका मार टीम को जीत दिलाई।

कमिंस का कमाल 

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और रफ्तार से शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके, लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने सामूहिक बल्लेबाजी के दम पर आईपीएल मुकाबले में सोमवार को सात विकेट पर 180 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा कर दिया।

कमिंस ने तीन विकेट झटके, जबकि साकिब हुसैन ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया और शिवम दुबे और उर्विल पटेल के विकेट चटकाए।

बड़ी पारी नहीं खेल सके संजू

चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई को संजू सैमसन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले ही ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी की गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़ते हुए 17 रन बटोरे। अगले ओवर में प्रफुल्ल हिंगे को भी सैमसन ने नहीं छोड़ा और लगातार तीन चौके लगाकर चेन्नई के इरादे साफ कर दिए।

हालांकि तीसरे ओवर में कमिंस ने मैच का रुख बदल दिया। तेज रफ्तार से डाली गई फुल लेंथ गेंद पर सैमसन का जोरदार ड्राइव सीधा विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों में चला गया। सैमसन की तेज शुरुआत के बावजूद चेन्नई को बड़ा झटका लगा। युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने भी कमिंस पर लगातार दो छक्के जड़कर अपनी आक्रामकता दिखाई, लेकिन साकिब हुसैन की धीमी गेंद को समझने में चूक गए और बोल्ड हो गए।

इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। कार्तिक शर्मा ने अपनी परिपक्वता से प्रभावित किया। उन्होंने प्रफुल्ल हिंगे पर शानदार इनसाइड-आउट चौका लगाया, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार पर पुल शॉट से छक्का भी जड़ा। 19 गेंदों पर 32 रन की उनकी पारी ने चेन्नई को मजबूती दी। लेकिन कमिंस ने एक बार फिर वापसी करते हुए गति में बदलाव वाली गेंद पर कार्तिक को आउट करा दिया।

ऊपरी कट लगाने की कोशिश में कार्तिक नीतीश कुमार रेड्डी को कैच दे बैठे। इसके कुछ देर बाद क¨मस की तेज शार्ट गेंद पर गायकवाड़ भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। गायकवाड़ ने 21 गेंदों पर संघर्षपूर्ण 15 रन बनाए।

ब्रेविस और दुबे ने संभाली

मध्यक्रम में चेन्नई की पारी कुछ समय के लिए लड़खड़ा गई, लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे ने तेजी से रन जोड़ते हुए टीम को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। ब्रेविस इस सीजन अब तक लय में नहीं दिखे थे, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कमिंस पर छक्का लगाया और नीतीश रेड्डी की गेंदों पर भी बड़े शॉट खेले।

ब्रेविस ने 27 गेंदों पर 44 रन बनाए, जो इस सीजन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। हालांकि ईशान मलिगा की 141 किमी प्रतिघंटा की तेज गेंद ने ब्रेविस की पारी का अंत कर दिया। गेंद सीधा स्टंप्स से टकराई और चेन्नई की तेजी पर फिर ब्रेक लग गया। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को 200 रन तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करते हुए चेन्नई को 180 रन पर रोक दिया। हैदराबाद की ओर से पैट कमिंस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर तीन अहम विकेट झटके और चेन्नई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें- CSK vs SRH: आखिर क्यों नहीं खेल रहे एमएस धोनी? ऋतुराज गायकवाड़ ने दिया जवाब, रिटायरमेंट को लेकर भी दिए संकेत

यह भी पढ़ें- पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल; आखिरी मैच में जीत जरूरी, दूसरी टीमों के नतीजे भी बिगाड़ सकते खेल