विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs AFG: Abhishek Sharma के रिकॉर्ड T20I शतक के सामने शर्मसार हुआ अफगानिस्तान, भारत ने 3-0 से किया क्लीन स्वीप

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:37 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 10:38 PM (IST)

अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे टी20 मैच में हरा दिया है। मैच ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेसक, नई दिल्ली। अभिषेक शर्मा.. सिर्फ ये नाम ही गेंदबाजों के मन में खौफ भरने के लिए काफी है। सामने कोई भी गेंदबाज हो, लेकिन इस बाएं हाथ के बल्लेबाज का खेलने का अंदाज कभी नहीं बदला। अफगानिस्तान के विरुद्ध तीसरे टी-20 मुकाबले में भी अभिषेक (108) ने गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। उनकी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने तीसरे मैच को अपने नाम कर लिया है।

टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक के शतक और संजू सैमसन के अर्धशतक के दम पर 221 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में अफगानी टीम 94 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत ने मैच 127 रनों से अपने नाम कर लिया और सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की।

अभिषेक शर्मा का रिकॉर्डतोड़ शतक

पहले केवल 16 गेंद में तूफानी अर्धशतक और फिर केवल 30 गेंद में शतक जड़ते हुए अभिषेक ने भारत के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी। ये किसी टेस्ट खेलने वाले देश के किसी बल्लेबाज का सबसे तेज टी-20 शतक है। ये भारत की ओर से भी सबसे तेज शतक है। इससे पहले 2017 में रोहित शर्मा ने इंदौर में श्रीलंका के विरुद्ध 35 गेंद में शतक लगाया था।

खास अंदाज में मनाया जश्न

अभिषेक ने अपनी पारी में 11 छक्के और नौ चौके जड़े और टी-20 करियर का तीसरा शतक लगाया और इस बार उनके शतक का जश्न मनाने का अंदाज भी थोड़ा जुदा था। अभिषेक ने पिच पर बैठकर योग मुद्रा में जश्न मनाया। हाल ही में उनके मेंटोर युवराज सिंह के साथ कुछ तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई थीं, जिनमें वह इटली में युवराज के साथ योग कर रहे थे। कई बार अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी न खेल पाने के कारण युवराज उन्हें डांट भी लगा चुके हैं। इस बार शायद वह बताना चाहते थे कि वह आक्रामक खेल भी संयम के साथ खेल सकते हैं। अभिषेक ने 34 गेंद में 108 रन बनाए।

भारत का पावरप्ले

अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। संजू ने पहले ओवर में संभलकर शुरुआती, लेकिन बल्लेबाजी छोर बदलने के साथ क्रीज पर आए अभिषेक ने दूसरी गेंद पर चौका जड़ा और फिर ऐसी रफ्तार पकड़ी कि दूसरे ओवर में ओमरजई के ओवर में दो छक्के जड़ते हुए 17 रन कूट डाले। फिर तीसरे ओवर में फजलहक फारुकी को दो छक्के और दो चौके जड़ते हुए 23 रन कूटे। अभिषेक जहां गेंदबाजों को सांस नहीं लेने दे रहे थे तो दूसरे छोर पर संजू थोड़ा शांत थे, लेकिन पांचवां ओवर फेंकने आए मोहम्मद नबी का स्वागत संजू ने दो छ्क्कों के साथ किया।

संजू सैमसन ने पूरे किए 9000 रन

अगली गेंद पर संजू को जीवदान मिला, जब 22 रन पर कप्तान जादरान ने उनका कैच टपका दिया। संजू ने भागकर एक रन पूरा किया और इसके साथ ही उन्होंने टी-20 करियर में 9000 रन का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसके बाद अभिषेक ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया और ओवर का अंत चौके व छक्के के साथ किया। इस ओवर में 29 रन आए और यह सबसे महंगा ओवर साबित हुआ। पांच ओवर में ही टीम का स्कोर 85 रन पहुंच गया था और पावरप्ले समाप्त होते होते भारत का स्कोर 100 रन पहुंच गया था। अभिषेक ने छक्के से भारत का सैकड़ा पूरा किया।

अभिषेक और संजू ने पावरप्ले के बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं पड़ने दी और 10 ओवर में ही टीम का स्कोर 142 तक पहुंचा दिया था, लेकिन दोनों के आउट होते ही रनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। 17वें ओवर में भारतीय टीम 200 रन का आंकड़ा ही पार कर पाई। भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 20 ओवरों में 221 रनों का स्कोर खड़ा किया।

अक्षर पटेल ने की डबल स्ट्राइक

अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ सधी हुई और धीमी शुरुआत की। उन्होंने 3 ओवरों में 30 रन बना लिए थे लेकिन चौथे ओवर में गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल ने अफगानिस्तान को पहला झटका दे दिया। अक्षर ने गुरबाज को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। उसी ओवर की आखिरी गेंद पर पटेल ने सेदिकुल्लाह अटल को भी पवेलियन की राह दिखा दी और अफगानी टीम को दूसरा झटका दिया।

10 ओवरों में ही अफगानिस्तान की आधी टीम लौटी पवेलियन

जसप्रीत बुमराह ने पारी के पांचवें ओवर में अफगानिस्तान को तीसरा झटका दे दिया। उन्होंने शानदार यॉर्कर के जरिए दरविश रसूली को जीरो के स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद यश ठाकुर ने अफगानी कप्तान इब्राहिम जादरान को 25 रनों के स्कोर पर अपना शिकार बनाया। इसी के साथ ठाकुर ने अफगानियों को चौथा झटका दे दिया। रवि बिश्नोई ने पदार्पण करने वाले नूर उल रहमान को अपना शिकार बनाया और इसी के साथ अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

नितीश कुमार रेड्डी की कमाल की गेंदबाजी

नितीश रेड्डी ने दूसरे टी20 मैच में भी कमाल की बॉलिंग की थी और तीसरे मैच में भी उसी फॉर्म को जारी रखा। रेड्डी ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को वापसी का मौका नहीं दिया। रेड्डी के अलावा रवि बिश्नोई को भी तीन सफलता मिली। अक्षर पटेल ने दो, जबकि जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।

भारत ने जीती सीरीज

भारत के 221 रनों जवाब में अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवरों में 94 रनों पर सिमट गई। टीम इंडिया ने मैच को 127 रनों से अपने नाम कर लिया। अफगानिस्तान की ये टी20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी हार है। भारतीय टीम ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें- Sanju Samson ने अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ रचा इतिहास, रोहित-विराट की लिस्ट में हुए शामिल

यह भी पढ़ें- Abhishek Sharma बने सबसे तेज T20I शतक जमाने वाले भारतीय बल्‍लेबाज, रिकॉर्ड्स बुक को किया तितर-बितर