ENG vs PAK: इंग्लैंड के पुछल्ले बल्लेबाजों ने लगाई पाकिस्तानी गेंदबाजों की क्लास, बर्मिंघम टेस्ट पर अंग्रेजों ने कसा शिकंजा
इंग्लैंड के पुछल्ले बल्लेबाजों ने बर्मिंघम टेस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जमकर रन बनाए, जिससे इंग्लैंड ने 320 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टेस्ट सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही पाकिस्तान टीम के लिए तीसरे टेस्ट में भी कुछ नहीं बदला। पहले दिन शर्मसार करने वाली बल्लेबाजी और फिर दूसरे दिन गेंदबाजों ने भी निराश ही किया। पाकिस्तान की गेंदबाजी अब तक सीरीज में कुछ लड़ाई लड़ रही थी लेकिन तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पाक गेंदबाजों की जमकर कुटाई हुई। इंग्लैंड के निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी पाकिस्तानी गेंदबाज आउट नहीं कर सके।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे दिन हैरी ब्रूक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले रजाउल्लाह ने पहले दिन सभी को प्रभावित किया लेकिन दूसरे दिन उन्होंने खराब गेंदबाजी की और अपने स्पेल में 148 रन खर्च किए।
हैरी ब्रूक और डैन लॉरेंस का अर्धशतक
पाकिस्तान के खिलाफ हैरी ब्रूक का खास प्रेम दिखाई देता है क्योंकि उन्होंने इसी टीम के खिलाफ टेस्ट फॉर्मेट में तिहरा शतक भी जड़ा था। तीसरे मैच के पहले दिन अर्धशतक लगाने वाले ब्रूक ने दूसरे दिन भी आक्रामक बैटिंग जारी रखी। हालांकि, वे 75 रन बनाकर रन आउट हो गए। पाक सीरीज से टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले डैन लॉरेंस ने भी कमाल की बैटिंग की और अर्धशतक लगाया। लॉरेंस ने 65 रनों की पारी खेली।
जैमी स्मिथ और ओली रॉबिन्सन का भी अर्धशतक
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ भी इस सीरीज में अपनी फॉर्म तलाश रहे थे और बर्मिंघम में उन्होंने फॉर्म में वापसी की। स्मिथ ने 84 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। उनके अलावा तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को भी पाकिस्तानी गेंदबाज आउट नहीं कर सके। रॉबिन्सन ने आक्रामक बैटिंग करते हुए 47 गेदों पर 50 रनों की पारी खेल डाली। उनके अलावा जोफ्रा आर्चर ने भी नाबाद 32 रनों की पारी खेली।
पाकिस्तान के लिए रजाउल्लाह ने सबसे अधिक 4 विकेट लिए लेकिन उन्होंने 6.4 की इकोनॉमी के साथ रन खर्च किए। मोहम्मद अली और मोहम्मद इमरान रंधावा को दो-दो विकेट मिला, जबकि मोहम्मद अब्बास को भी एक सफलता मिली।
इंग्लैंड ने बनाए 453 रन
पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 133 रनों पर सिमट गई थी। इसके जवाब में इंग्लिश टीम ने 453 रन बना डाले। इसी के साथ उन्होंने पाकिस्तान पर 320 रनों की बढ़त हासिल कर ली। दूसरी पारी में पाकिस्तान बैटिंग के लिए आया, तो इंग्लिश गेंदबाजों ने एक बार फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया। सैम अयूब को रॉबिन्सन ने पहली गेंद पर पवेलियन भेज दिया। अब्दुल्ला शफीक भी अपना खाता नहीं खोल सके और जीरो पर उन्हें भी रॉबिन्सन ने ही आउट किया। बारिश की वजह से खेल को जल्दी समाप्त कर दिया गया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने 2 विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए हैं। उनके लिए शान मसूद (21) और अजान अवैस (29) नाबाद लौटे।
