यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CSK vs SRH IPL 2022: चेन्नई की लगातार चौथी हार, हैदराबाद ने 8 विकेट से हराया
CSK vs SRH IPL 2022 Live चेन्नई को हैदराबाद की टीम ने इस मैच में 8 विकेट से हरा दिया। आइपीएल के इस सीजन में ये सीएसके की लगातार चौथी हार रही तो वहीं हैदराबाद ने अपना पहला मैच जीता।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। CSK vs SRH IPL 2022: आइपीएल 2022 का 17वां लीग मैच मुबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस मैच में हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने टास जीतकर पहले गेंदबाज करने का फैसला किया। चेन्नई ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 154 रन बनाए। हैदराबाद को इस मैच में जीत दर्ज करने के लिए 155 रन का टारगेट मिला था। केन की टीम ने 17.4 ओवर में 2 विकेट पर 155 रन बनाकर इस मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
रवींद्र जडेजा की कप्तानी में सीएसके टीम की इस सीजन में ये लगातार चौथी हार रही तो वहीं हैदराबाद को इस सीजन में पहली जीत नसीब हुई। लगातार चौथी हार के बाद सीएसके शून्य अंक के साथ अंक तालिका में नौवें नंबर पर है तो वहीं हैदराबाद की टीम 2 अंक के साथ आठवें नंबर पर मौजूद है।
हैदराबाद की पारी, अभिषेक शर्मा का अर्धशतक
हैदराबाद के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 31 गेंदों पर आइपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। टीम के कप्तान केन विलियमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि केन 32 रन बनाकर मुकेश चौधरी की गेंद पर मोइन अली को अपना कैच थमा बैठे। अभिषेक शर्मा ने 50 गेंदों पर 3 छक्के व 5 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेली और वो ब्रावो की गेंद पर जार्डन के हाथों लपके गए। इसके बाद राहुल त्रिपाठी ने नाबाद 39 रन और पूरन ने नाबाद 5 रन बनाते हुए टीम को जीत दिला दी। चेन्नई की तरफ से ब्रावो और मुकेश को एक-एक सफलता मिली।
चेन्नई की पारी, मोइन अली ने बनाए सर्वाधिक 48 रन
चेन्नई की टीम की तरफ से पहला विकेट ओपनर राबिन उथप्पा का गिरा। उथप्पा को 15 रन के स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर ने मार्करम के हाथों कैच आउट करवा दिया। रितुराज गायकवाड़ ने इस मैच में फिर से निराश किया और वो टी नटराजन की गेंद पर 16 रन बनाकर बोल्ड हो गए। अंबाती रायुडू ने सीएसके की पारी को संभालने का प्रयास किया और 27 गेंदों पर 27 रन बनाकर सुंदर की गेंद पर मार्करम के हाथों कैच आउट हो गए। मोइन अली ने शानदार पारी खेली और 35 गेंदों पर 48 रन बनाकर मार्करम की गेंद पर बोल्ड हो गए।
सीएसके के लिए पिछले मैचों में अच्छी पारी खेलने वाले शिवम दूबे ने इस मैच में निराश किया और वो 3 रन बनाकर टी नटराजन की गेंद पर उमरान मलिक के हाथों कैच आउट हो गए। माही ने हैदराबाद के खिलाफ तीन रन की पारी खेली और जानसेन ने उनकी पारी का अंत किया। कप्तान जडेजा 23 रन बनाकर भुवी की गेंद पर विलियमसन के हाथों कैच आउट हो गए। आखिरी में ब्रावो 8 रन और जार्डन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज सुंदर और नटराजन रहे और दोनों को दो-दो सफलता मिली।
सीएसके ने एक जबकि हैदराबाद ने किए दो बदलाव
इस मुकाबले के लिए सीएसके टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किए। प्रिटोरियस की जगह अंतिम ग्यारह में महेष दीक्षाना को मौका दिया गया। वहीं हैदराबाद की टीम ने दो बदलाव किए और प्लेइंस इलेवन में शशांक सिंह और मार्को जानसेन को शामिल किया गया। इन दोनों ने हैदराबाद के लिए आइपीएल में डेब्यू किया।
सीएसके टीम की प्लेइंग इलेवन
राबिन उथप्पा, रुतुराज गायकवाड़, मोइन अली, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा (कप्तान), शिवम दुबे, एमएस धौनी (विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, क्रिस जार्डन, महेश थीक्षाना, मुकेश चौधरी।
हैदराबाद टीम की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, केन विलियमसन (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), शशांक सिंह, वाशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, मार्को जानसेन, उमरान मलिक, टी नटराजन।