भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी से फाइनल में पहुंची लखनऊ, रिंकू सिंह की टीम को बुरी तरह रौंदा
भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के क्वालिफायर-1 में ...और पढ़ें

भुवनेश्वर कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के स्विंग मास्टर और लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भुवी मैच में अपनी पुरानी लय में दिखे और 145 रनों के छोटे टारगेट का बचाव किया।
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए क्वालिफायर-1 मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने 145 रनों के छोटे से लक्ष्य का बचाव करते हुए टेबल-टॉपर्स मेरठ मावेरिक्स को 47 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। 4 सीजन के इतिहास में यह पहला मौका है जब लखनऊ फाल्कन्स की टीम UPT20 के फाइनल में पहुंची है।
हिमांशू सिंह का अर्धशतक और जीशान अंसारी की फिरकी
बारिश के कारण थोड़ी देर से शुरू हुए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में रिंकू सिंह (दिलीप ट्रॉफी ड्यूटी से लौटे) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ओवरकास्ट कंडीशन में बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की शुरुआत कठिन रही, लेकिन ओपनर हिमांशू सिंह ने 45 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रनों की जुझारू पारी खेली। मेरठ के स्पिनर जीशान अंसारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 14 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कार्तिक त्यागी को 2 विकेट मिले। इसके चलते लखनऊ की पूरी टीम 19.4 ओवरों में 145 रनों पर सिमट गई।
भुवनेश्वर कुमार का 'मास्टरक्लास स्पेल'
146 रनों के लक्ष्य का बचाव करने उतरी लखनऊ को शुरुआत में ही करिश्मे की जरूरत थी और कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने खुद आगे बढ़कर मोर्चा संभाला। ओवरकास्ट मौसम का पूरा फायदा उठाते हुए भुवी ने स्विंग गेंदबाजी का अद्भुत नमूना पेश किया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 18 डॉट गेंदें फेंकते हुए महज 10 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
भुवी के इस स्पेल ने मेरठ मावेरिक्स की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी और 10.3 ओवर में ही मेरठ का स्कोर 36/7 हो गया।
तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने भुवी का बेहतरीन साथ निभाते हुए घातक सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा और कप्तान रिंकू सिंह (34 रन) के दो बड़े विकेट चटकाए। मेरठ के लिए अंत में जीशान अंसारी ने नाबाद 30 रन बनाए, लेकिन मेरठ की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 98 रन ही बना सकी।
मैं थोड़ा नर्वस था: भुवी
मैन ऑफ द मैच चुने गए भुवनेश्वर कुमार ने मैच के बाद कहा, "सच कहूं तो बोर्ड पर 140 रन देखकर मैं थोड़ा नर्वस था लेकिन मुझे पता था कि अगर हम पावरप्ले में अच्छी शुरुआत करते हैं, तो हम इस स्कोर का बचाव कर सकते हैं। गेंद काफी स्विंग हो रही थी, इसलिए योजना फुल लेंथ गेंदबाजी करने और एलबीडब्ल्यू व बोल्ड को गेम में लाने की थी। दो शुरुआती विकेटों ने पूरी टीम का मनोबल बढ़ा दिया।"
जब उनसे मजाक में पूछा गया कि क्या टी20 में गेंदबाजों को ही हमेशा कप्तान होना चाहिए, तो मुस्कुराते हुए भुवी बोले, "अगर यूपी टी20 लीग है, तो बिल्कुल।" जब उनसे पूछा गया कि क्या क्रिकेट बॉल उनकी बेटी से ज्यादा उनकी बात सुनती है, तो भुवी ने चुटकी लेते हुए कहा, "मैं अपनी बेटी की बात सुनता हूं।"
मेरठ के पास अभी भी मौका
मेरठ मावेरिक्स लगातार तीसरी हार झेलने के बाद अब मेरठ को फाइनल में पहुंचने का एक आखिरी मौका 4 सितंबर (शुक्रवार) को क्वालिफायर-2 में मिलेगा, जहां वे एलिमिनेटर (काशी रुद्राक्स बनाम नोएडा किंग्स) के विजेता से भिड़ेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।