पुणे को पीट मुंबई इंडियंस ने लगाई जीत की हैट्रिक
रोहित शर्मा [नाबाद 62] और ऑरेंज कैपधारी दिनेश कार्तिक [41] की उपयोगी पारियों के बाद गेंदबाजों के संयुक्त प्रयासों के दम पर आज मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग [आईपीएल] के छठे सत्र में अपनी जीत की हैट्रिक लगाते हुए टूर्नामेंट के 15वें मुकाबले में पुणे वारियर्स को 41 रनों से हरा दिया है। हैट्रिक जीत के साथ ही मुंबई ने अंत तालिका में फिर से शीर्ष पायदान हासिल कर लिया है।
मुंबई। रोहित शर्मा [नाबाद 62] और ऑरेंज कैपधारी दिनेश कार्तिक [41] की उपयोगी पारियों के बाद गेंदबाजों के संयुक्त प्रयासों के दम पर आज मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग [आईपीएल] के छठे सत्र में अपनी जीत की हैट्रिक लगाते हुए टूर्नामेंट के 15वें मुकाबले में पुणे वारियर्स को 41 रनों से हरा दिया है। हैट्रिक जीत के साथ ही मुंबई ने अंत तालिका में फिर से शीर्ष पायदान हासिल कर लिया है।
वानखेडे स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शीर्ष क्रम के उम्दा योगदान की बदौलत मुंबई ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 183 रन बना लिए। मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने 32 गेंदों में तीन चौका व पांच करारे छक्के के साथ नाबाद 62 रन बनाए। वहीं दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर बढि़या योगदान दिया और 41 रन बनाए। साथ ही ऑरेंज कैप हासिल कर लिया। जवाब में पुणे की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 142 रन ही बना पाई। पराजित टीम की तरफ से मिशेल मार्श ने सर्वाधिक 38 रन [26 गेंद, 2 चौका व 2 छक्का] बनाए। गेंदबाजी में पुणे के लिए ऐरोन फिंच, युवराज और मिशेल मार्श ने एक-एक विकेट झटके। जबकि मुंबई की ओर से मिशेल जानसन ने 33 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में हार से शुरुआत करने वाली मुंबई इंडियंस की यह लगातार तीसरी जीत है जबकि पुणे की चार मैचों से यह तीसरी हार है। पुणे अंत तालिका में आठवें स्थान पर है।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे टीम के लिए शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर पुणे ने ऐरोन फिंच का विकेट गंवा दिया। मिशेल जानसन की शानदार गेंद पर फिंच बोल्ड हो गए। इसके बाद पुणे ने 13 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते रॉस टेलर [4] और रॉबिन उथप्पा [7] के दो और बड़े विकेट गंवा दिया। उथप्पा को जानसन ने बोल्ड कर चलता किया। जबकि टेलर रन आउट हुए। पुणे का चौथा विकेट टी सुमन [23] के रूप में गिरा जो हरभजन सिंह की गेंद पर सीमा रेखा के पास पोलार्ड के हाथों लपके गए। 38 रन पर ही चार विकेट खोने के बाद युवराज सिंह से टीम को काफी उम्मीदें थी लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके। हालांकि 16 गेंदों की अपनी पारी में एक चौका व दो छक्का लगाकर 24 रन बनाए। वह कीरोन पोलार्ड की गेंद पर कैच आउट हो गए। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 19 रन बनाने के बाद प्रज्ञान ओझा की गेंद पर कैच आउट हो गए। जानसन ने तीसरी सफलता हासिल करते हुए 17वें ओवर में मिशेल मार्श [38] को कैच आउट कराया। जीत के लिए पुणे को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी लेकिन बल्लेबाज ऐसा करने पाने में नाकाम रहे और टीम को तीसरी हार का मुंह देखना पड़ा।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करने का फैसला मुंबई के लिए खासा सुखद रहा और दोनों दिग्गज बल्लेबाजों कप्तान रिकी पोंटिंग व सचिन तेंदुलकर ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए सात ओवर में 54 रनों की साझेदारी की। टूर्नामेंट में दूसरी बार अर्धशतकीय शुरुआत देने वाली इस जोड़ी को आठवें ओवर में युवराज ने अपनी पहली ही गेंद पर पोंटिंग को कैच आउट कराकर तोड़ा। पोंटिंग ने 17 गेंदों में 14 रन बना। वहीं तेंदुलकर आज शानदार लय में दिखे लेकिन 29 गेंदों में सात चौके व एक छक्के की मदद से 44 रन बनाने के बाद ऐरोन फिंच की गेंद पर मार्श के हाथों लपके गए। दोनों ओपनरों को खोने के बाद दिनेश कार्तिक ने रोहित शर्मा के साथ एक बार फिर उम्दा साझेदारी कर टीम को विशाल लक्ष्य की ओर अग्रसर किया। टूर्नामेंट में गजब की लय में दिख रहे कार्तिक ने आज भी खूब रन बटोरे। लेकिन नौ रन से वह अपने तीसरे अर्धशतक से चूक गए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। मार्श ने कार्तिक को उस समय पगबाधा कराया जब वह 29 गेंदों में चार चौका व एक छक्के की मदद से 41 रन बनाकर खेल रहे थे। कार्तिक ने आज फिर से ऑरेंज कैप [सर्वाधिक 224 रन] हासिल कर लिया। रोहित ने कीरोन पोलार्ड के साथ अंतिम पांच ओवरों में तेजी से खेलते हुए 68 रनों की अविजित साझेदारी कर विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद रोहित ने 30 गेंदों में अपना लगातार दूसरा पचासा पूरा किया। पोलार्ड 14 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर