IPL 2025: रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए कर डाला बड़ा कारनामा, विराट कोहली के स्पेशल क्लब का बने हिस्सा
मुंबई इंडियंस के स्टार बैटर रोहित शर्मा ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। रोहित शर्मा आईपीएल में विराट कोहली के स्पेशल क्लब का हिस्सा बने। रोहित की शानदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के 50वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को 100 रन के विशाल अंतर से मात दी। जानें हिटमैन ने क्या कारनामा किया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के स्टार बैटर रोहित शर्मा ने गुरुवार को आईपीएल 2025 के 50वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़कर एक बड़ी उपलब्धि अपने खाते में जोड़ी। हिटमैन एक आईपीएल टीम के लिए 6000 या ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने।
रोहित शर्मा ने सवाई मानसिंह स्टेडियम पर अपने बल्ले की धाक दिखाते हुए केवल 36 गेंदों में 9 चौके की मदद से 53 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में एक फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए 6000 रन का आंकड़ा पार किया।
रोहित शर्मा ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 5751 रन बनाए जबकि पांच बार की चैंपियन के लिए उन्होंने कुल 6024 रन बनाए। इसमें अब खत्म हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 के नंबर्स भी जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'तू मेरे जैसा नहीं खेल सकता, मैं...', रोहित शर्मा ने LSG के युवा बल्लेबाज से ऐसा क्यों कहा? VIDEO वायरल
कोहली यहां भी किंग
वैसे, आईपीएल इतिहास में एक फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सुपरस्टार विराट कोहली के नाम दर्ज है। कोहली ने 18 साल के अपने आईपीएल करियर में आरसीबी के लिए 262 मैचों में 8447 रन बनाए।
एक फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन
- विराट कोहली - 262 मैचों में 8447 रन
- रोहित शर्मा - 231 मैचों में 6024 रन
- सुरेश रैना - 200 मैचों में 5529 रन
- एमएस धोनी - 268 मैचों में 5269 रन
37 साल के रोहित शर्मा ने मौजूदा आईपीएल में खराब शुरुआत के बाद अपनी लय हासिल कर ली है। अनुभवी बल्लेबाज शुरुआती छह मैचों में कुछ खास नहीं कर सके थे, लेकिन पिछली चार पारियों में उन्होंने तीन अर्धशतक ठोके।
शानदार ओपनिंग
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच पर नजर डाले तो रोहित शर्मा ने रेयान रिकलटन के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करके मुंबई को ठोस शुरुआत दिलाई। रिकलटन ने 38 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 61 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट खोकर 217 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 16.1 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई। मुंबई ने मौजूदा लीग में लगातार छठी जीत दर्ज की और वो आईपीएल 2025 की प्वाइंट्स टेबल में नंबर-1 बनी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।