यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
GT vs MI: अहमदाबाद में चला 'सुदर्शन चक्र', गुजरात को नसीब हुई पहली जीत; मुंबई का इंतजार बढ़ा
साई सुदर्शन ने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 41 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने उनका ...और पढ़ें

HighLights
- गुजरात ने 36 रन से जीता मुकाबला
- मुंबई को पहली जीत की तलाश
- साई सुदर्शन ने खेली 63 रन की पारी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में शनिवार को साई सुदर्शन ने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 41 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने उनका साथ दिया और 38 रन बनाए। दोनों की इस पारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने 196/8 स्कोर किया और मुंबई के सामने 197 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन बनाए और 36 रन से इस मुकाबले को गंवा दिया। मुंबई की यह लगातार दूसरी हार है। वहीं 18वें सीजन में गुजरात टाइटंस की जीत का खाता खुल गया है।
हार्दिक पांड्या की हुई वापसी
एक मैच का निलंबन झेलने के बाद वापसी कर रहे मुंबई के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और गेंदबाजी चुनी। अब तक सभी मैचों में टॉस जीतने वाले कप्तानों ने गेंदबाजी चुनी और रात में ओस को देखते हुए हार्दिक ने भी गेंदबाजी चुनने में परहेज नहीं किया, लेकिन इस सीजन में गुजरात की नई ओपनिंग जोड़ी गिल और सुदर्शन ने मुंबई के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने पहले आठ ओवर में 75 रन जोड़ डाले।
Thrilling the home crowd with a performance to cherish 🤩
Gujarat Titans get their #TATAIPL 2025 campaign off the mark 💪
Scorecard ▶ https://t.co/lDF4SwnuVR #GTvMI | @gujarat_titans pic.twitter.com/iy60R0cOwZ
— IndianPremierLeague (@IPL) March 29, 2025
अहमदाबाद में गिल के 1000 रन पूरे
शुभमन गिल को अहमदाबाद का यह मैदान कितना रास आता है, यह किसी के छुपा नहीं है। इस मैदान पर गिल ने हर प्रारूप में शतक लगाया है। शनिवार को चाहर के ओवर में चौके के साथ ही शुभमन गिल ने इस मैदान पर 1000 आईपीएल रन भी पूरे कर लिए। गिल ने 20 पारियों में इस आंकड़े को छुआ। सबसे कम पारियों में एक मैदान पर 1000 रन का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 19 पारियों में एक हजार रन बनाए थे।
अच्छी लय में दिख रहे गिल यहां हार्दिक पांड्या की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में कैच दे बैठे। गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े, लेकिन बटलर यहां मुजीब की फिरकी में फंस गए और वाइड गेंद को खेलने के प्रयास में विकेटकीपर रिकलटन को कैच दे बैठे। हालांकि एक छोर पर सुदर्शन ने मोर्चा संभाले रखा और स्कोर को आगे बढ़ाना जारी रखा। एक समय गुजरात की टीम आसानी से 200 के पार पहुंचती दिख रही थी।
अंत में लड़खड़ाई पारी
17वें ओवर में बोल्ट ने सुदर्शन को पगबाधा आउट किया, जिसके बाद गुजरात की पारी लड़खड़ा गई। लगातार तीन गेंदों पर विकेट गंवाए। बोल्ट के ओवर की अंतिम गेंद पर सुदर्शन एलबीडब्ल्यू हुए थे, तो चाहर के ओवर में पहले तेवतिया रन आउट हुए उसके बाद रदरफोर्ड ने खराब शॉट खेलकर सैंटनर को कैच दिया। मुंबई के गेंदबाजों ने अंतिम तीन ओवर में केवल 17 रन दिए और गुजरात की टीम को 200 के पार पहुंचने से रोक दिया।
हार्दिक की वापसी
इस मैच में मुंबई के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की वापसी हुई और उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया। हार्दिक ने विरोधी कप्तान शुभमन गिल और शाहरुख खान का विकेट लिया। हार्दिक ने शाहरुख को वाइड गेंद फेंकी और शाहरुख बाउंड्री पर खड़े तिलक वर्मा के हाथों में शॉ मार बैठे। हार्दिक की अनुपस्थिति में पिछले मैच में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी की थी और मुंबई को चेन्नई के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और पहले ओवर की चौथी गेंद पर सिराज ने रोहित शर्मा को बोल्ड किया। हिटमैन ने 2 चौकों की मदद से 4 गेंदों पर 8 रन बनाए। अपने तीसरे और मुंबई की पारी के 5वें ओवर में सिराज ने रयान रिकेलटन की गिल्लियां बिखेर दीं। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 9 गेंदों पर 6 रन की धीमी पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाल। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन भी जोड़े। प्रसिद्ध कृष्णा ने इस साझेदारी में सेंध लगाई और तिलक वर्मा (39) को फिफ्टी बनाने से रोक दिया।
ये भी पढ़ें: GT vs MI: शुभमन गिल का 'दुश्मन' है उनका ही दोस्त, सामने आते ही कर देता है आउट, ऐसे तो खा जाएगा प्रिंस की 'कप्तानी'
मुंबई की टीम ने अपना शतक पूरा ही किया था कि 108 के स्कोर पर टीम को चौथा झटका लगा। रॉबिन मिंज 3 के स्कोर पर ईशांत शर्मा को कैच थमा बैठे। पिछले मैच में मुंबई की कप्तान वाली सूर्यकुमार यादव फिफ्टी से चूक गए। स्काई ने 28 गेंदों पर 48 रन ठोके। कप्तान हार्दिक पांड्या बल्ले से नहीं चले। उन्होंने 17 गेंदों पर 11 रन बनाए।
