विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MS Dhoni ने Viewership में ही अपना रिकॉर्ड तोड़ डाला, Thala की केवल 3 गेंदों की पारी ने नई ऊंचाइयां छुई

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Wed, 05 Apr 2023 01:25 PM (IST)

MS Dhoni innings watched by 1.7 crore people चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान एमएस धोनी ने आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपरजायंट्स ...और पढ़ें

MS Dhoni makes history in viewership: एमएस धोनी
MS Dhoni makes history in viewership: एमएस धोनी

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने चार साल के बाद अपने होमग्राउंड पर आईपीएल का पहला मैच खेला। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ जब एमएस धोनी मैदान पर आए तो स्‍टेडियम दर्शकों की आवाज से गूंज उठा। इसकी सभी को पूरी उम्‍मीद भी थी। एमएस धोनी चेहरे पर बिना कोई रिएक्‍शन लिए क्रीज पर तेजी से चलते हुए आए। स्टेडियम में चारों ओर से चाहने वालों की आवाज गूंज रही थी। चेन्‍नई की पारी का भी आखिरी ओवर चल रहा था।

थाला से उम्‍मीद की जा रही थी कि वो कोई चमत्‍कार करेंगे। सीएसके के कप्‍तान ने अपने फैंस को जरा भी निराश नहीं किया और आईपीएल में संभवत: सबसे तेज गेंदबाज मार्क वुड का सामना करने के लिए क्रीज पर डट गए। अपनी गति से दिल्‍ली कैपिटल्‍स का बुरा हाल करने वाले मार्क वुड ने धोनी को पहली गेंद 148.7 किमी प्रति घंटे की डाली, जिस पर माही ने बल्‍ला घुमाया और गेंद डीप थर्ड मैन के ऊपर से छक्‍के के लिए गई। यहां दर्शकों की आवाज इस कदर सुनाई दी, मानो किसी को अपने गले की जरा भी परवाह नहीं है। कंफर्म है कि धोनी की पारी के बाद दर्शकों का गला बैठने वाला है।

फिर मार्क वुड ने अगली गेंद शॉर्ट डाली, जिस पर धोनी अपने चिर-परिचित अंदाज में गेंद की लाइन में आए और जबर्दस्‍त पुल शॉट जमा दिया। यह गेंद हवा में इतनी ऊंची गई कि स्‍टैंड्स में टकराने के बाद ही कैमरे में नजर आई। धोनी ने जितना ऊंचा शॉट खेला था, उनकी छोटी सी पारी की व्‍यूअरशिप भी उतनी ही विशाल थी। बता दें कि धोनी तीसरी गेंद पर भी छक्‍का जमाने के लिए गए, लेकिन वो कैच आउट हो गए। मगर उनकी 3 गेंद की छोटी सी पारी ने नई ऊचाइयां हासिल की।

धोनी ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

वैसे, धोनी के जादू की सीमा केवल चेपॉक स्‍टेडियम तक सीमित नहीं है। वो जहां भी जाते हैं, फैंस का भरपूर प्‍यार हासिल करते हैं। धोनी की लखनऊ के खिलाफ केवल 3 गेंदों की पारी को 1.7 करोड़ लोगों ने जियो सिनेमा पर देखा, जो कि आईपीएल 2023 में सबसे ज्‍यादा व्‍यूअरशिप का रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 1.6 करोड़ का था। यह रिकॉर्ड भी धोनी के नाम ही दर्ज था।

जब धोनी गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्‍लेबाजी करने आए थे, तब जियो सिनेमा पर 1.6 करोड़ लोगों ने उनकी पारी का लुत्‍फ उठाया था। बता दें कि चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने सोमवार को आईपीएल 2023 के छठे मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स को 12 रन से मात दी थी। सीएसके ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 217/7 का स्‍कोर बनाया। जवाब में एलएसजी 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 205 रन बना सकी थी।