IPL 2022 : नए कप्तान की तलाश में कोलकाता नाइटराइडर्स, टीम इंडिया के इस खिलाड़ी पर निगाहें
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) के मेगा आक्शन से पहले श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया। अब रिलीज होने के बाद अय्यर कई फ्रेंचाइजियों के रडार पर हैं। केकेआर उन्हें कप्तान बनाने के बारे में सोच रही है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) के मेगा आक्शन से पहले श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया। फेंचाइजी ने पिछले सत्र की पहले हाफ में अय्यर के चोटिल होने पर विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को पिछले सत्र में कप्तान बनाया था। दूसरे हाफ में अय्यर ने वापसी की, लेकिन पंत ही कप्तान रहे। अब रिलीज होने के बाद अय्यर कई फ्रेंचाइजियों के रडार पर हैं।
टाइम्स आफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) उन टीमों में से एक है, जो अय्यर को अपने साथ जोड़ना चाहती है। चर्चा ही कि टीम उन्हें कप्तान बनाना चाहती हैं। बता दें कि अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम साल 2020 में फाइनल तक पहुंची थी। वहीं कोलकाता की टीम साल 2021 में इयोन मोर्गन की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी। चेन्नई से उसे हार का सामना करना पड़ा था। इयोन मोर्गन को टीम ने रिलीज कर दिया है।
कप्तान के तौर पर दमदार रिकार्ड
श्रेयस अय्यर ने 41 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व किया, उनमें से 23 जीते जबकि अन्य 18 हारे। कप्तान के रूप में उनका एक प्रभावशाली रिकार्ड है। वह 2020 के सीजन में चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी थे, जिन्होंने 34.60 की औसत से 519 रन बनाए थे। यही कारण है कि उनको लेकर केकेआर की रुचि को बढ़ी है।
बल्ले से शानदार प्रदर्शन
अय्यर ने आइपीएल में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। दाएं हाथ के 27 वर्षीय बल्लेबाज ने आइपीएल में 87 मैचों में 31.67 के औसत और 125 के स्ट्राइक रेट से 2375 रन बनाए हैं। आइपीएल 2021 में उन्होंने 8 मैचों में 35.00 की औसत से 175 रन बनाए। अय्यर ने आइपीएल में भी 16 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने 2 टेस्ट, 22 वनडे और 32 टी20 में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया है। यदि देश में कोरोना की स्थिति अनुमति देती है, तो आइपीएल 2022 का मेगा आक्शन के 11-12 फरवरी को बेंगलुरु में होने की संभावना है।