IPL 2019: सब कुछ तो कर लिया धौनी ने फिर भी एक काम है बाकी
महेंद्र सिंह धौनी आइपीएल (IPL) के किंग हैं। वह अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को तीन बार चैंपियन भी बना चुके हैं लेकिन एक ऐसा काम है जो धौनी अभी तक नहीं कर पाएं हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। महेंद्र सिंह धौनी आइपीएल (IPL) के किंग हैं। वह अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को तीन बार चैंपियन भी बना चुके हैं, लेकिन एक ऐसा काम है जो धौनी अभी तक नहीं कर पाएं हैं। जी हां, अनहोनी को होनी करने वाले महेंद्र सिंह धौनी अभी तक आइपीएल में एक भी शतक नहीं मार पाए हैं। आइए जानते हैं धौनी ने क्या-क्या किया और क्या नहीं...
तीन बार बनाया चैंपियन
धौनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को तीन बार आइपीएल का चैंपियन बना चुके हैं। यहां तक चेन्नई अभी तक दस सीजन खेल चुकी है और धौनी ने टीम को हर बार प्लेऑफ तक पहुंचाया है। खास बात यह कि चेन्नई सात बार फाइनल का सफर भी तय किया है।
छक्कों का लगा चुके दोहरा शतक
धौनी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जानी जाते हैं। धौनी अपने आइपीएल करियर 206 छक्के जड़ चुके हैं, जो कि तीसरा सबसे ज्यादा सिक्स मारने का रिकॉर्ड है। धौनी अगर छह और छक्के मार देते हैं, तो वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ जाएंगे। इसके बाद उनसे ऊपर सिर्फ क्रिस गेल ही बचेंगे।
नहीं बना सके हैं शतक
धौनी आइपीएल करियर में शतक मारने में अभी तक कामयाब नहीं हो पाए हैं। अब तक आइपीएल में कुल 34 खिलाड़ी शतक मार चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा क्रिस गेल 6 और उनके बाद विराट कोहली ने 5 शतक जड़े हैं। चेन्नई के कुल पांच खिलाड़ी शतक मार चुके हैं, लेकिन धौनी के लिए यह अब भी एक सपना है। धौनी का सर्वाधिक स्कोर 84 रन है, जो इसी साल आया है। जिस फॉर्म से धौनी गुजर रहे हैं, उनसे उम्मीद की जा सकती है वो इस सीजन यह काम कर दें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप