IPL 2019: आकाश चोपड़ा ने कहा- चलिए इस गेंद को स्टैंड में पहुंचाइए और धौनी ने लगा दिया छक्का
IPL 2019 कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा इस गेंद को स्टैंड में पहुंचाइए और धौनी ने उस गेंद पर छक्का जड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 के पहले क्वालीफायर मैच के दौरान कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक सटीक भविष्यवाणी की और यकीन मानिए कुछ ऐसा ही हुआ। मुंबई के खिलाफ पहली पारी में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (Dhoni) बल्लेबाजी कर रहे थे और आकाश चोपड़ा ने कुछ ऐसा कहा और फिर क्या था धौनी ने जैसे उनकी बात सुन ली और उन्होंने छक्का जड़ दिया।
क्या कहा आकाश चोपड़ा ने
मुंबई (MI) के विरुद्ध मैच के 19वें ओवर में लसिथ मलिंगा गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की तीसरी गेंद फेंकी जानी थी और स्ट्राइक पर महेंद्र सिंह धौनी मौजूद थे। चेन्नई (CSK) को रन की दरकार थी, लेकिन आकाश चोपड़ा को शायद पता था कि इस गेंद पर क्या होने वाला है। जैसे ही मलिंगा ने रनअप लिया वैसे ही इस गेंद को फेंके जाने से पहले आकाश ने कहा कि- चलिए इस गेंद को स्टैंड में पहुंचाइए। आकाश ने जैसे ही ये बात कही धौनी ने मलिंगा की इस गेंद पर लांग ऑन के उपर से शानदार छक्का जड़ दिया। यानी आकाश की कही बात सच हुई और धौनी ने छक्का जड़ दिया। यही नहीं धौनी ने इसी ओवर की चौथी गेंद पर भी लांग ऑन के उपर से ही छक्का लगाया। धौनी ने मलिंगा के इस ओवर में दो छक्कों समेत कुल 14 रन बनाए।
धौनी की मुंबई के खिलाफ पारी
मुंबई के खिलाफ पहले क्वालीफायर मैच में धौनी ने 29 गेंदों पर नाबाद 37 रन की पारी खेली। चेन्नई की मुश्किल विकेट पर धौनी की ये पारी उनकी टीम के लिए काफी अहम साबित हुई। धौनी ने इस मैच में अपनी पारी के दौरान एक भी चौका नहीं लगाया पर उनके बल्ले से तीन छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 127.59 का रहा। इस मैच में धौनी ने पांचवें विकेट के लिए अंबाती रायुडू के साथ मिलकर 48 गेंदों पर 66 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के दम पर चेन्नई का स्कोर 20 ओवर में चार विकेट पर 131 पर पहुंचा। इस मैच में अंबाती रायुडू ने भी 37 गेंदों पर नाबाद 42 रन की पारी खेली।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप