विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'जिन्हें पता भी नहीं हार्दिक कौन है, उन्होंने जाने क्या-क्या कहा', आलोचकों, ट्रोल्स को पांड्या ने दिया मुंहतोड़ जवाब

By abhishek tripathiEdited By: Rajat Gupta
Published: Mon, 01 Jul 2024 05:00 AM (GMT+05:30)

आईपीएल शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान घोषित किया। इसके बाद ...और पढ़ें

फाइनल में हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट झटके। इमेज- सोशल मीडिया
फाइनल में हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट झटके। इमेज- सोशल मीडिया

HighLights

  1. टी20 वर्ल्‍ड कप 2024 में हार्दिक पांड्या ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन
  2. मुंबई इंडियंस ने रोहित की जगह हार्दिक को सौंपी थी कप्‍तानी
  3. आईपीएल के दौरान मैदान पर हार्दिक पर फब्तियां कसी गईं

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान घोषित कर दिया। इसके बाद इन दोनों खिलाड़ियों के बीच तो तनाव दिखा ही, इनके प्रशंसक भी आपस में भिड़ गए। हार्दिक को बुरी तरह ट्रोल किया गया।

आईपीएल मैचों के दौरान मैदान पर भी उन पर फब्तियां कसी गईं, लेकिन उन्होंने रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम की टी-20 विश्व कप विजय में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने फाइनल में तीन विकेट से साथ टूर्नामेंट में 11 विकेट लिए। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 144 रन बनाए। मैच के बाद अभिषेक त्रिपाठी ने हार्दिक पांड्या से बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश..

कितनी महत्वपूर्ण थी ये ट्राफी?

मैं बहुत विशेष महसूस कर रहा हूं। मैंने पहले भी कई बार ये कहा था कि ये ट्रॉफी जीतना मेरा सपना था। जहां से मैं आता हूं, जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि ये मेरे लिए कितना महत्वपूर्ण था। फाइनली ये हो गया।

पिछले कुछ महीनों में हार्दिक पांड्या होना कितना कठिन हो गया था?

सर मैं गरिमा में रहने को मानता हूं। बड़ी सारी बातें कहीं गईं, बड़ी सारी बातें बोली गईं, किसी को पता नहीं है कि हार्दिक पांड्या है कौन। उन लोगों ने बोला जो एक प्रतिशत भी मुझे नहीं जानते, लेकिन मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मैंने हमेशा माना है कि जिंदगी में कभी किसी को मुंह से जवाब नहीं देते हैं। हालात और चीजें जवाब दे सकती है।

जब वक्त मुश्किल था तो मैंने खुद से यही बात बोली कि ज्यादा देर तक ये नहीं चलेगा। मैं यह बहुत मानता हूं कि आप हारे या जीतें आपको गरिमापूर्ण रहना चाहिए। हमारे देश में प्रशंसकों और सभी को यह सीखना होगा (शालीनता से रहना)। हमें बेहतर आचरण रखना चाहिए। मुझे यकीन है कि पहले जो अनाप शनाप बोल रहे थे, अब वे ही लोग खुश होंगे।

ये भी पढ़ें: बारबाडोस में फंसी भारतीय टीम, निकलने के अभी कोई आसार नहीं; जान लीजिए क्‍या है वजह

आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन बनाने थे, उस समय आपको क्या लग रहा था। टेंशन में थे या इंज्वाय कर रहे थे?

ईमानदारी से कहूं तो मुझे मजा आ रहा था। बहुत कम लोगों को ऐसे जिंदगी बदलने वाले मौके मिलते हैं। यह दांव उल्टा भी पड़ सकता था, लेकिन मैं आधा भरा गिलास देखता हूं, कभी आधा खाली गिलास नहीं समझता हूं। मैं दबाव नहीं ले रहा था और मुझे अपने कौशल पर भरोसा था।

बाहर से सब लोग देख रहे थे, लेकिन यह पल हमारी किस्मत में लिखा था। मैंने पहले भी बोला है कि भाग्य उनका साथ देता है जो मेहनत करते हैं। कोशिश की थी मेहनत करते रहो, सिर नीचे रखो और मेहनत करते रहा। अब ये हंसी काफी लंबे समय तक रहेगी।

आपने अच्छा प्रदर्शन किया। आपके नजरिये से यह टूर्नामेंट कैसा रहा?

अब हम जीत गए और अगर मैंने ऐसे में मैं शून्य पर भी आउट हुआ होता तो खुश होता। मैं यही मानता हूं कि जब तक टीम जीत रही है, तब तक व्यक्तिगत प्रदर्शन मायने नहीं रखता है। अगर आप अच्छा करे और आपकी टीम अच्छा कर पाए तो वह बेहद विशेष भावना रहती है। मुझे जब-जब मौका मिला, मैंने कुछ करने की कोशिश की।

मैंने क्रिकेट हमेशा यही खेला है, जब भी मौका मिले सहयोग करो। अगर आपको एक ओवर भी डालने को मिले तो अपना सर्वश्रेष्ठ दो। उसमें मूमेंट बनते हैं, फाइनल में भी ऐसी कोशिश थी कि परिस्थिति के हिसाब से बढि़या ओवर डालें और वहां से मैच बदल गया। जहां हम थे वहां से परिस्थितियां हमारे पक्ष में बदल गईं।

रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया। आप कप्तान होंगे। 2026 में भारत में टी-20 विश्व कप होना है। कैसे देखते हैं?

2026 में काफी समय है। मैं रोहित और विराट के लिए बहुत-बहुत खुश हूं। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज जो इस जीत के हकदार थे। उनके साथ इस प्रारूप में खेलने में मजा आया। उनकी कमी खलेगी, लेकिन इससे बेहतर विदाई नहीं हो सकती थी। हमने एक भाई की तरह, एक दोस्त की तरह जो समय बिताया है उनके लिए इससे बढि़या फेयरवेल नहीं दिया जा सकता था। उनके बारे में इससे ज्यादा नहीं कहा जा सकता। सिर्फ इस नहीं बल्कि हर प्रारूप में वे दिग्गज हैं।

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2024: विश्व चैंपियन टीम इंडिया होगी मालामाल, 100 करोड़ से ज्यादा मिलेगी प्राइज मनी, BCCI का ऐतिहासिक फैसला