विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs SL: 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्‍ट मैच खेलेगा भारत, चोट और मौसम के कारण 'गिल ब्रिगेड' की बढ़ी सिरदर्दी

Published: Wed, 05 Aug 2026 10:16 PM (IST)

भारतीय टीम 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है, जिसका लक्ष्य जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में दावा मजबूत करना है।

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम मंगलवार को कोलंबो पहुंच गई और बिना समय गंवाए बुधवार से अभ्यास भी शुरू कर दिया। नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची भारत के सामने इस बार केवल जीतना ही नहीं, बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए भी दावा मजबूत करने की चुनौती है।

इसके साथ ही विदेश में अपना रिकॉर्ड भी सुधारना पर उसकी नजरें होंगी क्योंकि हाल के दिनों में उसे लगभग सभी प्रारूपों में विदेशों में संघर्ष करना पड़ा है। भारतीय टीम 15 अगस्त से पहला टेस्ट मैच खेलेगी, लेकिन उससे पहले शुक्रवार से तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। ऐसे में भारतीय टीम आयरलैंड व इंग्लैंड दौरे की गलती यहां नहीं दोहराना चाहती है और वह परिस्थितियों से तालमेल बिठाने के लिए पर्याप्त समय मैदान पर बिताना चाहती है।

भारतीय टीम ने शुरू की टेस्ट सीरीज की तैयारी

हाल ही में समाप्त हुए आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर भारत को तैयारी का पर्याप्त समय नहीं मिला था। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने बुधवार को कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (एनसीसी) मैदान पर अपना पहला अभ्यास सत्र किया। टीम के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक अभ्यास की व्यवस्था की गई। भारतीय टीम ने इससे पहले कभी एनसीसी में अभ्यास नहीं किया था।

खिलाड़ियों की तैयारी के लिए तीन अभ्यास पिच और चार इंडोर नेट उपलब्ध कराए गए हैं। भारतीय टीम की तैयारियों के लिहाज से एनसीसी का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यहीं सात अगस्त से श्रीलंका बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश के विरुद्ध तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के लिए गॉल टेस्ट से पहले परिस्थितियों को समझने और अंतिम एकादश के संयोजन को परखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। हालांकि बारिश भारतीय टीम की तैयारियों में बाधा डाल सकती है।

कोलंबो में मौसम डाल सकता है बाधा

कोलंबो में मौसम का पूर्वानुमान अनुकूल नहीं है और एनसीसी की जल निकासी व्यवस्था भी बहुत बेहतर नहीं मानी जाती। ऐसे में थोड़ी देर की तेज वर्षा भी आउटडोर अभ्यास को प्रभावित कर सकती है। ऐसी स्थिति में भारतीय खिलाड़ियों को इंडोर नेट्स का सहारा लेना होगा। अभ्यास मैच के तीनों दिन भी बारिश की आशंका 50 प्रतिशत से अधिक बताई गई है। एक और चिंता अभ्यास मैच के लिए मिलने वाली पिच को लेकर है।

एनसीसी की पिच परंपरागत रूप से बल्लेबाजी के अनुकूल और सपाट रही है। अगर अभ्यास मुकाबले में भी वैसी ही पिच मिली तो गॉल में स्पिनरों की मददगार परिस्थितियों से पहले भारत को मनचाही तैयारी नहीं मिल पाएगी।

साई सुदर्शन के जल्द जुड़ने की उम्मीद

टीम के साथ श्रीलंका नहीं पहुंचे शीर्ष क्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबर रहे हैं। उनके पैर के अंगूठे में मामूली परेशानी है, लेकिन उन्होंने नेट्स पर बल्लेबाजी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि चिकित्सा टीम से हरी झंडी मिलने के बाद वह आठ अगस्त तक कोलंबो में टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि इस स्थिति में वह सात अगस्त से शुरू होने वाला तीन दिवसीय अभ्यास मुकाबला नहीं खेल पाएंगे।

24 वर्षीय सुदर्शन को भारतीय टेस्ट टीम में तीसरे नंबर के महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। वह अब तक सात टेस्ट में 39 की औसत से 383 रन बना चुके हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।

चार नेट गेंदबाज भी टीम के साथ

श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए बीसीसीआई ने भारतीय टीम की तैयारी के लिए चार अतिरिक्त नेट गेंदबाज भी भेजे हैं। हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, तनुष कोटियान और विप्रज निगम टीम के साथ जुड़ चुके हैं और पहले टेस्ट की तैयारियों में बल्लेबाजों की मदद करेंगे।

भारत ने पिछली बार 2017 में श्रीलंका का टेस्ट दौरा किया था। तब विराट कोहली कप्तान थे और भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर थी। नौ साल बाद तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। मौजूदा टीम के अधिकांश खिलाड़ी पहली बार श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ के लिहाज से भी यह सीरीज बेहद अहम है।

यह भी पढ़ें- भारतीय क्रिकेट इतिहास में केवल एक नाम, रोहित शर्मा के शतकों का ऐसा रिकॉर्ड; जो सभी बल्लेबाजों के लिए बनकर रह गया सपना

यह भी पढ़ें- 21 साल का सूखा खत्‍म करने के लिए ऑस्‍ट्रेलिया का मास्‍टर प्‍लान, टीम इंडिया को रहना होगा चौकन्‍ना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।