विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शराब की लत, रिहैब सेंटर और युजवेंद्र चहल... दर्द से उबरने की ये कहानी कर देगी भावुक

Published: Fri, 16 Oct 2026 01:06 PM (GMT+05:30)

भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को शराब की लत लग गई थी जिससे उन्होंने बड़ी मुश्किल से छुटकारा पाया और अब खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

युजवेंद्र चहल को लग गई थी शराब की लत

युजवेंद्र चहल को लग गई थी शराब की लत

HighLights

  1. युजवेंद्र चहल टीम इंडिया से चल रहे हैं बाहर

  2. धनश्री से तलाक ले चुके हैं युजवेंद्र चहल

  3. शराब छुड़ाने के लिए रिहैब में पहुंचे थे चहल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के बारे में कौन नहीं जानता। इस खिलाड़ी ने अपनी फिरकी से अच्छे से अच्छे बल्लेबाजों को नचाया है। हालांकि, इस समय वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, लेकिन आईपीएल में कमाल दिखा रहे हैं। चहल के लिए बीते कुछ साल आसान नहीं रहे हैं। इस दौरान वह टीम से बाहर भी गए और उनका तलाक भी हुआ। इस दौरान चहल को शराब की लत भी लग गई जिससे उन्होंने बड़ी मुश्किल से छुटकारा पाया।

चहल ने कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा से शादी की थी, लेकिन 2025 में दोनों को तलाक हो गया। चहल ने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बताया है कि उन्हें शराब की लत लग गई थी जिसे छुड़ाने के लिए उन्होंने रिहैब का सहारा लिया।

28 दिन रहे रिहैब में

आकाश ने जब चहल से पूछा कि उनके मुश्किल समय में कौन उनके साथ था तो चहल ने बताया कि उनके दोस्त और परिवार उनके साथ था। आकाश ने इसके बाद चहल से शराब छोड़ने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "पिछले साल काउंटी क्रिकेट के बाद मैंने शराब छोड़ दी थी। मैं रिहैब सेंटर में गया और 28 दिन तक वहां रहा। अब मुझे पता है कि कैसे चीजों को संभालना है। उस फैसले ने मेरे जीवन में काफी बड़ा अंतर पैदा किया। मैं पहले से ज्यादा परिपक्व हो गया। मेरे इमोशंस अब बैलेंस हैं। पिछले आईपीएल में मुझे लग रहा था कि मैं दोबारा से 30 साल का हो गया हूं।"

अब हैं पहले से ज्यादा खुश

चहल ने बताया कि वह जब युवा थे तब उन्होंने शराब पीना शुरू किया था और फिर तलाक के बाद चीजें और ज्यादा बिगड़ गईं। उन्होंने कहा, "मैं जब युवा था तब मैंने शुरू किया था। पार्टियां होती थीं वहां से। मेरे तलाक के बाद चीजें और ज्यादा बिगड़ गईं और मेरी मानसिक स्थिति अच्छी नहीं रही। मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा तो मैं उस चीज को बर्बाद कर दूंगा जिससे मुझे सबसे ज्यादा प्यार है और वो है क्रिकेट। इसलिए मैंने सब खत्म किया और अब मैं पहले से ज्यादा खुश हूं।"

यह भी पढ़ें- 'लाल गेंद ने मुझे जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादें दीं', भावुक पोस्ट के साथ युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से लिया संन्यास

यह भी पढ़ें- रजत पाटीदार ने चुनी IPL की ऑलटाइम प्लेइंग-11, पांच बार के विजेता कप्तान रोहित शर्मा को किया बाहर