विकेटकीपर बनने की तैयारी कर रहे हैं यशस्वी जायसवाल, टीम इंडिया के लिए निभाना चाहते हैं जिम्मेदारी! कप्तान ने खोल दिया राज
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अब विकेटकीपिंग में हाथ आजमा रहे हैं, जिसका खुलासा मुंबई रणजी टीम के कप्तान सिद्देश लाड़ ने किया है।
-1791527075812_m.webp)
यशस्वी जायसवाल कर रहे हैं खास तैयारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल स्लिप के अच्छे फील्डरों में गिने जाने लगे हैं। स्पिनरों पर सिली प्वाइंट और शॉर्ट लेग पर भी वह फील्डिंग करते हैं और सामने वाली टीम के बल्लेबाजों को परेशान करते हैं। विकेट के आगे की उनकी करामातें सभी ने देखी हैं, लेकिन अब यशस्वी विकेट के पीछे कमाल दिखाने की तैयारी में हैं।
यशस्वी इस समय मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम का हिस्सा हैं। ये टीम अपने रणजी ट्रॉफी सीजन की तैयारी में जुटी है। इस तैयारी के दौरान यशस्वी को एक नए रूप में देखा गया है। उनकी एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वह विकेटकीपिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके इस अंदाज को लेकर मुंबई टीम के कप्तान सिद्देश लाड़ ने एक राज खोल दिया है।
विकेटकीपर बनने पर नजरें
सिद्देश ने कहा है कि यशस्वी इस समय अपनी विकेटकीपिंग को निखार रहे हैं ताकि वह मुंबई और शायद टीम इंडिया के लिए यह जिम्मेदारी निभा सकें। मुंबई के कप्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यशस्वी के साथ, मुझे लगता है कि वह कीपिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। ये मैंने उनसे सुना है। वह भविष्य में मुंबई के लिए और शायद टीम इंडिया के लिए विकेटकीपर की जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं। यही उनका लक्ष्य है। यह मुझे लगता है, लेकिन मुझे इसे लेकर अभी पूरी स्पष्टता नहीं मिली है।"
यशस्वी भारत की टेस्ट टीम के अहम सदस्य हैं और वनडे में वह रोहित शर्मा के बैकअप के तौर पर देखे जा रहे हैं। हालांकि, उनके टी20 भविष्य पर सवाल है और इसका कारण इस फॉर्मेट में मौजूद कई ओपनर हैं जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी से जगह पक्की कर चुके हैं। इनमें अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के नाम शामिल हैं।
View this post on Instagram
लेग स्पिनर भी हैं यशस्वी
यशस्वी की बल्लेबाजी पर किसी को शक नहीं है। वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम को आगे ले जाने में अहम किरदार निभा रहे हैं। उन्हें कई बार टेस्ट में लेग स्पिन गेंदबाजी भी करते हुए देखा गया है। हालांकि, उनकी इस कला का ज्यादा उपयोग नहीं किया जाता है। ऐसे में यशस्वी विकेटकीपिंग सीख टीम में अपने सेलेक्शन के चांसेस को और मजबूत करने की कोशिश में हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 'सूर्यकुमार यादव को बाहर करना सही?' सूर्या को रणजी टीम से ड्रॉप करने पर मुंबई के कप्तान ने बयान देकर किया हैरान
