विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विश्व कप डायरी: क्रिकेट को भ्रष्टाचार से दूर रखने के लिए आइसीसी ने इंटरपोल से मिलाया हाथ

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Wed, 03 Apr 2019 09:12 PM (IST)

क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए आइसीसी इंटरपोल की मदद चाहता है।

विश्व कप डायरी: क्रिकेट को भ्रष्टाचार से दूर रखने के लिए आइसीसी ने इंटरपोल से मिलाया हाथ
विश्व कप डायरी: क्रिकेट को भ्रष्टाचार से दूर रखने के लिए आइसीसी ने इंटरपोल से मिलाया हाथ

दुबई। क्रिकेट को भ्रष्टाचार से दूर रखने के लिए आइसीसी ने वैश्विक पुलिस संगठन इंटरपोल से हाथ मिलाया है। आइसीसी के मुताबिक पिछले सप्ताह उसकी भ्रष्टाचार निरोधी इकाई के महाप्रबंधक एलेक्स मार्शल ने फ्रांस के शहर लियोन स्थित इंटरपोल के मुख्यालय में शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की और इस खेल को भ्रष्टाचार से मुक्त रखने के उपायों पर चर्चा की। क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए आइसीसी इंटरपोल की मदद चाहता है।

एलेक्स ने कहा कि आइसीसी और इंटरपोल साथ मिलकर काम करना चाहते हैं और पिछले सप्ताह हुई हमारी बातचीत सकारात्मक रही। कई देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ आइसीसी के रिश्ते काफी अच्छे हैं, लेकिन इंटरपोल के साथ काम कर हम अपनी पहुंच 194 देशों तक बना सकते हैं। उधर इंटरपोल ने कहा है कि आइसीसी की मदद करके उसे खुशी होगी।

इंग्लैंड विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार : कुक

लंदन। पूर्व इंग्लिश कप्तान एलिस्टेयर कुक को लगता है कि इंग्लैंड के पास अपने घरेलू मैदान पर विश्व कप खिताब जीतने का सबसे सुनहरा मौका है और इस टीम ने खुद को एक मैच विजेता टीम साबित किया है। इयान मोर्गन की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम ओवल में 30 मई को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

2015 में ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद से इंग्लैंड ने अपने घरेलू मैदान पर दमदार खेल दिखाया है और अपने खेले 42 वनडे में से 30 में जीत हासिल की है। कुक ने कहा कि इंग्लैंड के पास बेहतरीन मौका है। यह पहला मौका है जब इंग्लैंड इस तरह की संतुलित टीम के साथ विश्व कप में भाग लेने जा रही है।

कैरी के समर्थन में पोंटिंग

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच रिकी पोंटिंग ने एलेक्स कैरी के नाम को विश्व कप में विकेटकीपर बल्लेबाज और जरूरत पड़ने पर कप्तानी के विकल्प के तौर पर समर्थन किया है। ऑस्ट्रेलिया की हालिया घरेलू सीरीज में कैरी को आरोन फिंच की अगुआई वाली सीमित ओवरों की टीम का उपकप्तान बनाया गया था। उन्होंने पाकिस्तान और भारत के खिलाफ हालिया सीरीज में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।

पोंटिंग ने कहा कि वह शीर्ष क्रम और पारी के आखिरी ओवरों में खतरनाक साबित होते हैं क्योंकि वह 360 डिग्री से शॉट खेलते हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें आप टीम में शामिल करना चाहते हैं। मेरे हिसाब से उनके पास नेतृत्व की भी अच्छी क्षमता है। अगर विश्व कप के दौरान फिंच को कुछ होता है तो मुझे लगता है कि बेशक उन्होंने कभी ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी ना की हो लेकिन उनमें टीम की अगुआई करने की क्षमता है। कैरी ने 2012 में अपना करियर शुरू करने से पहले ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग की टीम ग्रेटर वेस्टर्न सिडनी की कमान संभाली थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।