यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
World Cup 2019: इंग्लैंड को लगा तीसरा बड़ा झटका, अब मार्क वुड को लगी चोट
ICC Cricket World Cup 2019 इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्मअप मैच के दौरान चोटिल हो गए।

साउथैम्पटन, एएफपी। ICC Cricket World Cup 2019: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्मअप मैच के दौरान चोटिल हो गए। बीच मैच में मार्क वुड को अपने पैर का स्कैन कराने के लिए अस्पताल जाना पड़ा। शनिवार को साउथैम्पटन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वार्मअप मैच में मार्क वुड केवल 3.1 ओवर फेंक पाए और फिर उन्हें चोट की वजह से मैदान छोड़कर जाना पड़ा था।
बताया जा रहा है कि मार्क वुड के बाएं पैर में दर्द है। इससे पहले मार्क वुड टखने की चोट से परेशान रह चुके हैं। इंग्लैंड के लिए अच्छी खबर ये है कि मार्क वुड दौड़कर पवेलियन लौटे थे। इससे साफ होता है कि उनका फ्रैक्चर तो नहीं है लेकिन कोई हल्की चोट है, जो स्कैन के रिजल्ट में साफ हो जाएगी। लेकिन, परेशान करने वाली बात ये भी है कि मार्क वुड अस्पताल से वापस तो लौट आए लेकिन मैच में आगे नहीं खेल पाए।
अपनी चिर प्रतिद्वंदी टीम ऑस्ट्रेलिया से इंग्लैंड ने यह मैच 12 रन से गंवा दिया। मैच के बाद इंग्लैंड के कार्यवाहक कप्तान जोस बटलर ने मार्क वुड की चोट को लेकर कहा, "देखते हैं कि सुबह उसकी(मार्क वुड) स्थिति कैसी रहती है। यह उसके लिए चिंता का विषय हो सकता है। हम उसके लिए बेस्ट की उम्मीद करते हैं। चोट को लेकर वह खुद परेशान है क्योंकि वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट को कोई मिस नहीं करना चाहता।"
आपको बता दें, इंग्लैंड के कप्तान इयान मोर्गन भी उंगली में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल पाये थे लेकिन उनके गुरुवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप के आगाज मैच तक पूरी तरह फिट होने की संभावना है। इसके अलावा अपना वर्ल्ड कप खेलने जा रहे जोफ्रा आर्चर भी चोट से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड वर्ल्ड कप में 30 मई को अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।