यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कब तक चलेगा विराट का 'राहुल प्रेम', अब हो रहा है टीम इंडिया को नुकसान
आ्रखिर क्या वजह है कि लगातार खराब प्रदर्शन के बाद भी लोकेश राहुल को टेस्ट टीम में मौका दिया जा रहा है।

अभिषेक त्रिपाठी, मेलबर्न। 10, 04, 00, 16, 54, 04, 13, 08, 10, 23, 36, 19, 00, 37, 149, 00, 04, 33*, 02, 44, 02, 00..ये तंबोला के नंबर नहीं, बल्कि भारतीय ओपनर केएल राहुल की इस साल खेली गई टेस्ट पारियों के स्कोर हैं। जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली जरा सी भी खराब फॉर्म होने पर चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाज को बाहर का रास्ता दिखा देते हैं, फॉर्म में चल रहे रोहित को खिलाने के लिए टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे तक को ड्रॉप कर देते हैं, वहीं राहुल इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको इतनी खराब पारियों के बावजूद लगातार खेलने का मौका मिल रहा है।
चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी पर चल रहे भारत को 26 तारीख से मेलबर्न में बॉक्सिंग-डे टेस्ट खेलना है। सवाल यही उठ रहा है कि क्या टीम प्रबंधन मुरली विजय या केएल राहुल की जोड़ी के साथ उतरेगी? या वह मयंक अग्रवाल को मौका देगी? या चेतेश्वर पुजारा और पार्थिव पटेल में से किसी एक को विजय के साथ ओपनिंग कराकर मध्य क्रम में हार्दिक पांड्या को शामिल किया जाएगा? या एक बार फिर राहुल को खुद को साबित करने का मौका मिलेगा?
विराट और राहुल का टैटू प्रेम : इसमें कोई शक नहीं है कि राहुल भारतीय कप्तान विराट कोहली के चहेतों की लिस्ट में हैं। दोनों का टैटू प्रेम और स्टाइल एक जैसा है। निश्चित रूप से मैदान के बाहर विराट और राहुल का स्टाइल एक है, लेकिन मैदान के अंदर बने रहने के लिए यह जरूरी पैमाना नहीं है। भारत पर्थ में जो टेस्ट हारा उसमें उन्होंने 02 और 00 रन की पारियां खेलीं। इसी टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर आरोन फिंच और मार्कस हैरिस ने पहली पारी में शतकीय साझेदारी निभाई जो भारतीय टीम की हार का एक अहम कारण बनी।
पृथ्वी शॉ के चोटिल होने और ओपनर मयंक अग्रवाल के टीम में शामिल होने की खबर के बीच जब दूसरे टेस्ट मैच के बाद प्रेस वार्ता में विराट कोहली से पूछा गया कि क्या टीम ओपनिंग जोड़ी में बदलाव कर रही है, तो उन्होंने बड़े ही व्यंगात्मक लहजे में टीम इंडिया के मीडिया मैनेजर की तरफ देखते हुए कहा कि क्या हमने ओपनिंग में बदलाव करने की रिलीज जारी की है? इसके बाद जब उनसे ओपनिंग को लेकर ही दूसरा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आपको उनका समर्थन जारी रखना होगा और उन्हें बताते रहना होगा कि वे टीम का हिस्सा हैं व अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। हालांकि, अपनी कप्तानी के शुरुआती 38 टेस्ट मैचों में कभी भी एक जैसी टीम नहीं खिलाने वाले कप्तान विराट कोहली से यह सवाल जरूर पूछा जाना चाहिए कि क्या यह नियम सिर्फ केएल राहुल के लिए ही हैं।
पिछली 23 पारियों में 11 बार दहाई तक नहीं पहुंचे : 24 नवंबर 2017 को नागपुर में श्रीलंका के खिलाफ हुए टेस्ट मैच से अब तक राहुल ने 23 पारियां खेली हैं जिसमें वह 11 बार दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने इस दौरान सितंबर में ओवल में लगाए गए शतक के अलावा सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है, वह भी अफगानिस्तान के खिलाफ। पिछली 23 पारियों में वह 16 बार 20 से कम के स्कोर पर आउट हुए हैं। उन्होंने नवंबर 2017 से अब तक सिर्फ 21.59 के औसत से 457 रन बनाए हैं।
उन्होंने इस दौरान हर पारी में औसत 35 गेंदें खेली हैं, जो छह ओवर से भी कम हैं। नवंबर 2017 से अब तक दुनिया भर में शीर्ष और मध्य क्रम में ऐसे 72 खिलाड़ी खेल चुके हैं जिन्होंने इस दौरान कम से कम आठ पारियां खेली हैं। उनमें भी रन बनाने के मामले में राहुल 63वें नंबर पर आते हैं। वह भारतीय ऊपरी व मध्य क्रम के सारे बल्लेबाजों से रन बनाने के मामले में तो नीचे हैं हीं, हार्दिक पांड्या भी उनसे रन बनाने के मामले में आगे हैं। प्रति पारी में गेंद खेलने के मामले में भी राहुल का यही हाल है।
तकनीक में खामी : ऐसा नहीं है कि राहुल का भाग्य साथ नहीं दे रहा, या वह अच्छी गेंद पर आउट हो रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी तकनीक में बड़ी खामी है। पिछली 16 टेस्ट पारियों में वह 12 बार बोल्ड और एलबीडब्ल्यू हुए हैं। इन 12 बार में कई बार ऐसा हुआ है जब गेंद उनके बल्ले को छूने के बाद विकेट में जाकर लगी है। पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में वह शुरुआती तीन गेंदों को पुश करने के बाद स्टार्क की इनस्विंगर पर बोल्ड हो गए। वह यह सोचते रह गए कि गेंद को छोड़ें या खेलें, तब तक गेंद उनके बल्ले को चूमते हुए विकेट ले उड़ी। उनका सिर गेंद के ऊपर जा रहा है और वह अपने आगे वाले पैर को एक्रॉस लेकर आ रहे हैं। वह आउटस्विंग गेंद को कवर की तरफ खेलने की कोशिश में आउट होते हैं।
इंग्लैंड में भी कई बार गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेट के पीछे गई जिसमें वह कैच आउट हुए। वह कई शॉट या तो जल्दी खेल रहे हैं या बीच में ही भ्रमित हो जाते हैं कि गेंद को छोड़ें या खेलें। ऐसा लगता है कि वह टेस्ट में गेंद छोड़ने की कला को भूल गए हैं। अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में जब वह हैदराबाद की पिच पर 25 गेंद पर सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए थे तो टीम इंडिया के सहायक कोच व पूर्व भारतीय ओपनर संजय बांगर ने कहा था कि राहुल बल्लेबाजी करते समय जरूरत से ज्यादा सोच रहे हैं।
उनको लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं, ऐसे में आप खुद की तकनीक के बारे में संशय करने लगते हो। ऐसा कई बार हो सकता है जब आप खुद की क्षमता और तकनीक पर संदेह करने लगते हो, इसलिए खुद को यह सुनिश्चित करना होता है कि हां, आपकी तकनीक सही है। शायद आपको अपने नजरिये में बदलाव या बल्लेबाजी योजना पर थोड़ा सा काम करने की जरूरत होती है। उस समय जब बांगर से पूछा गया था कि अगर राहुल का यह फॉर्म ऑस्ट्रेलिया में भी जारी रहा तो क्या मयंक अग्रवाल को मौका मिलेगा? तब उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था। उसके बाद राहुल ऑस्ट्रेलिया में एडिलेड और पर्थ में भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 48 रन बनाए हैं और मयंक अग्रवाल मेलबर्न पहुंच चुके हैं। अब यह तो बांगर और टीम प्रबंधन ही बता सकता है कि राहुल खुद की तकनीक पर संदेह करना कब छोड़ेंगे? क्या बॉक्सिंग डे टेस्ट में मयंक को ओपनर के तौर पर मौका मिलेगा?
लोकेश राहुल-
(24 नवंबर 2017 से)
पारी-23
रन-475
औसत-21.59
100-1
50-1
00-4
टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों के रन-
(24 नवंबर 2017 से)
खिलाड़ी, पारी, रन, औसत, 100, 50, गेंदें खेलीं/पारी
विराट कोहली, 25, 1746, 69.84, 7, 5, 113.48
रोहित शर्मा, 9, 333, 47.57, 1, 2, 63.11
चेतेश्वर पुजारा, 24, 946, 41.13, 3, 4, 96.75
रिषभ पंत, 12, 465, 38.75, 1, 2, 52.92
मुरली विजय, 18, 574, 31.88, 3, 0, 68.94
शिखर धवन, 13, 391, 30.07, 1, 1, 42.08
अजिंक्य रहाणे, 22, 622, 28.27, 0, 5, 65.50
हार्दिक पांड्या, 14, 323, 24.84, 0, 3, 35.29
केएल राहुल, 23, 475, 21.59, 1, 1, 35.04