विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vijay Hazare Trophy: कौन हैं Darshan Nalkande? विदर्भ के गेंदबाज ने सेमीफाइनल में कर्नाटक पर मारा 'पंजा'

Published: Thu, 15 Jan 2026 08:07 PM (IST)

विदर्भ के मध्‍यम गति के तेज गेंदबाज दर्शन नालकंडे ने गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कर्नाटक के ...और पढ़ें

दर्शन नालकंडे

दर्शन नालकंडे

HighLights

  1. दर्शन नालकंडे ने विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में की घातक गेंदबाजी

  2. दर्शन नालकंडे ने कर्नाटक के खिलाफ पांच विकेट चटकाए

  3. दर्शन नालकंडे घरेलू क्रिकेट में जाना पहचाना नाम हैं

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। विदर्भ के मध्‍यम गति तेज गेंदबाज दर्शन नालकंडे ने गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ पांच विकेट चटकाए। नालकंडे ने 10 ओवर के अपने कोटे में 48 रन देकर पांच विकेट लिए।

नालकंडे की शानदार गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने कर्नाटक को 49.4 ओवर में 280 रन पर ऑलआउट कर दिया। दर्शन नालकंडे ने कर्नाटक के खिलाफ करुण नायर (76), ध्रुव प्रभाकर (28), श्रेयस गोपाल (36), अभिनव मनोहर (26) और विद्याधर पाटिल (1) को अपना शिकार बनाया।

कौन हैं दर्शन नालकंडे

दर्शन नालकंडे का जन्‍म 4 अक्‍टूबर 1998 को महाराष्‍ट्र के वर्धा में हुआ। 27 साल के दर्शन गिरीश नालकंडे दाएं हाथ के बल्‍लेबाज और मध्‍य तेज गति के गेंदबाज हैं। दर्शन प्रमुख रूप से गेंदबाज की भूमिका निभाते हैं। उन्‍होंने विदर्भ के अलावा भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्‍व किया। आईपीएल में वो दिल्‍ली कैपिटल्‍स, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्‍स (पहले किंग्‍स इलेवन पंजाब) का प्रतिनिधित्‍व कर चुके हैं।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी के 2021-22 संस्‍करण में सबसे पहले सुर्खियां बटोरी जब कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में लगातार चार गेंदों में चार विकेट चटकाए। नालकंडे टी20 क्रिकेट में लगातार चार गेंदों में चार विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने थे। इससे पहले यह कमाल अभिमन्‍यु मिथुन ने किया, जिन्‍होंने 2019 में कर्नाटक के लिए यह उपलब्धि हासिल की थी।

दर्शन नालकंडे का घरेलू करियर

27 साल के दर्शन नालकंडे ने अब तक 12 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जिसमें 34.86 की औसत से 22 विकेट झटके। वहीं, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 40 लिस्‍ट ए मैचों में 25.94 की औसत से 71 विकेट चटकाए। उन्‍होंने 57 टी20 मैचों में 18.45 की औसत से 88 विकेट झटके। आईपीएल में दर्शन नालकंडे ने 6 मैचों में 24.66 की औसत से 6 विकेट लिए।

यह भी पढ़ें: अहमद शहजाद को सचिन-सहवाग से बेहतर बताकर बुरे फंसे Sahibzada Farhan; पाकिस्तानियों ने ही किया ट्रोल

यह भी पढ़ें: क्यों ODI में हमेशा रोहित शर्मा से आगे रहते हैं Virat Kohli? पूर्व भारतीय बैटर ने आसानी से समझाया विनिंग फॉर्मूला