Cricket Tales: अंपायर के एक फैसले ने करा दिया करोड़ों का नुकसान, जीता हुआ मैच हार गई टीम; टूट गया वर्ल्ड कप का सपना
साल 2019 वनडे वर्ल्ड कप के क्वालिफायर के एक मैच में कुछ ऐसा हो गया था जो आज तक चर्चा ...और पढ़ें

स्कॉटलैंड के साथ हो गई थी अनहोनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कई बार आप कितनी भी मेहनत कर लें किस्मत आपको निराश कर देती है। वर्ल्ड कप खेलना हर किसी टीम का सपना होता है। खासकर छोटे देशों का जो क्रिकेट की दुनिया में अपने आप को स्थापित करने के लिए लड़ रहे होते हैं। ऐसा ही एक देश है स्कॉटलैंड। साल 2019 में ये टीम वनडे वर्ल्ड कप में क्वालिफिकेशन के बेहद करीब थी, लेकिन फिर अंपायर के एक गलत फैसले और मौसम की मार ने उसका सपना तोड़ दिया।
इस हार ने सिर्फ स्कॉटलैंड का सपना ही नहीं तोड़ा था बल्कि उसके हाथ से करोड़ों छीन लिए थे। ये पैसा अगर इस देश को मिल जाता तो उसकी क्रिकेट की सूरत बदल सकती थी जो शायद किस्मत नहीं चाहती थी।
ये है मामला
बात जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 21 मार्च 2018 को खेल गए वर्ल्ड कप क्वालिफायर के सुपर सिक्स मैच की है। बात साफ थी। जो टीम जीतेगी वो अगले साल यानी 2019 में इंग्लैंड में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का टिकट कटाएगी। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी की। क्रिस गेल, इविन लुइस, मार्लन सैमुअल्स, जेसन होल्डर और कार्लोस ब्रैथवेट जैसे सितारों से सजी वेस्टइंडीज की टीम महज 198 रनों पर ही ढेर हो गई। जीत के लिए चाहिए थे 199 रन और स्कॉटलैंड का टिकट पक्का हो जाता।
स्कॉटलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 12 रनों पर ही अपने दो विकेट खो दिए। टीम लड़खड़ा रही थी तभी रिची बेरिंगटन क्रीज पर टिक गए। वह आसानी से बल्लेबाजी करने लगे और टीम को जीत के करीब ले जाने लगे।
अंपायर का विवादित फैसला
फिर आया 32वां ओवर। गेंदबाजी करने आए एश्ले नर्स। नर्स ने चौथी गेंद फेंकी जिसे बेरिंगटन ने बैकफुट पर खेलने की कोशिश की। वह चूक गए और गेंद उनके पैड पर लगी। वेस्टइंडीज ने अपील की और बेरिंगटन आउट हो गए। आईसीसी ने क्वालिफायर मैचों में डीआरएस नहीं रखा था तो स्कॉटलैंड ने लिया नहीं, लेकिन रिप्ले में साफ दिख रहा था कि गेंद लेग स्टम्प के बाहर जा रही है और बेरिंगटन नॉट आउट थे। ये देख स्कॉटलैंड सकते में रह गई। उसकी उम्मीद फिर भी जिंदा थीं क्योंकि अभी ओवर बचे हुए थे।
तभी कुछ देर बाद बारिश आ गई। बारिश ऐसी आई की मैच को रोकना पड़ा और डकवर्थ लुइस नियम के तहत मैच का नतीजा निकालना पड़ा। जिस समय मैच रुका उस समय नियम के मुताबिक वेस्टइंडीज आगे थी और इसलिए उसे पांच रनों से जीत मिली, लेकिन अगर बेरिंगटन को गलत आउट नहीं दिया गया होता तो डकवर्थ लुइस नियम में भी स्कॉटलैंड बाजी मार ले जाती और वर्ल्ड कप खेलती। यही वो दर्द है जो स्कॉटलैंड को कचोटता है।
हो गया करोड़ों का नुकसान
ये सिर्फ हार नहीं थी बल्कि स्कॉटलैंड क्रिकेट का कायाकल्प करने का मौका गंवाना था। अगर स्कॉटलैंड वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर जाती तो उसको करोड़ों रुपये मिलते और वह जमीन स्तर पर अपने यहां की क्रिकेट को सुधारती। साथ ही खिलाड़ियों को भी मालामाल करती। इस हार के बाद क्रिकेट स्कॉटलैंड को सात लाख यूरो का नुकसान हुआ था। उस समय के भारतीय रुपये के अनुसार देखा जाए तो 6.43 करोड़।
क्रिकेट स्कॉटलैंड के मुख्य कार्यकारी मैल्कम केनन ने बीबीसी से बात करते हुए माना था कि इस हार से उनको करोड़ों का नुकसान होगा। अगर ये पैसा उनको मिल जाता तो न सिर्फ उनको वर्ल्ड कप की तैयारी में मदद मिलती बल्कि वह जमीनी स्तर में भी निवेश करते। अगर स्कॉटलैंड लीग स्टेज में मैच जीतती तो उसको और पैसा मिलता, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया।
