यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
क्वारंटाइन के नियम तोड़ने पर वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर लगा प्रतिबंध, मिली ये सजा
West Indies Tour of New Zealand कैरेबियाई टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है जहां टीम को तीन मैचों की टी20 सीरीज और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी हैलेकिन इससे पहले टीम ने एक बड़ी गलती कर दी है।

वेलिंगटन, एपी। West Indies Tour of New Zealand: वेस्टइंडीज की टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है। यहां खिलाड़ी 14 दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन में हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने क्वारंटाइन का नियम तोड़ दिया है, जिसके कारण वेस्टइंडीज के क्रिकेटरों के अभ्यास पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। खिलाड़ियों पर ये कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से की गई है।
न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि क्राइस्टचर्च में टीम के होटल के सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि खिलाड़ी एक-दूसरे से मिल-जुल रहे हैं और साथ खाना खा रहे हैं जो क्वारंटाइन के नियमों का उल्लंघन है वेस्टइंडीज की टीम 14 में से 12 दिन का क्वारंटाइन पूरा कर चुकी है और उसे यह अवधि पूरी होने तक अभ्यास की अनुमति नहीं रहेगी। क्वारंटाइन की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
सीसीटीवी फुटेज वेस्टइंडीज क्रिकेट को भी भेजी गई, जिसने खुद जांच करने और जरूरी होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का वादा किया। खिलाड़ियों की दूसरी कोरोना जांच बुधवार को होनी है। इसमें नेगेटिव आने पर ही क्वारंटाइन खत्म किया जाएगा। इसके बाद टीम क्वींसटाउन जाएगी, जहां उसे न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलने हैं। ऐसे में इससे पहले खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि उसे इस घटना की जानकारी मिल गई है और मंत्रालय के कदम का वह समर्थन करता है। बता दें कि दोनों देशों के बीच 27 नवंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है। इसके बाद वेस्टइंडीज और मेजबान कीवी टीम के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी। टी20 सीरीज का पहला मैच 27 नवंबर को ऑकलैंड में, दूसरा मैच माउंट मॉन्गनुई में 29 नवंबर को और तीसरा मैच भी इसी मैदान पर 30 नवंबर को खेला जाएगा। वहीं, टेस्ट सीरीज की शुरुआत 3 दिसंबर को हैमिल्टन में होगी, जबकि दूसरा टेस्ट मैच वेलिंग्टन में 11 दिसंबर से खेला जाएगा।