डीडीसीए को बनाएंगे भ्रष्टाचार मुक्त : मदन लाल
मदन लाल ने बैठक में मौजूद सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य डीडीसीए को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के होने वाले चनावों में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने भरोसा दिलाया कि वह इस संघ को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाकर रहेंगे। बीसीसीआइ के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना-चेतन समर्थित ग्रुप की रविवार को साहिबाबाद में बैठक हुई जिसमें काफी सदस्यों ने हिस्सा लिया।
मदन लाल ने बैठक में मौजूद सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य डीडीसीए को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। हम चाहते हैं कि हम सता में आकर दिल्ली की क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाए। इसके साथ ही हमने संघ के सदस्यों के भले के लिए भी कई योजनाएं बनाई हैं और उन्हें भी आगे पूरा किया जाएगा।
इस बैठक में राजीव गर्ग, अंजलि शर्मा, पुष्पेंद्र चौहान, परविंदर अवाना, शशि खन्ना, दीपक सिंघल, सुनील जैन, सचिन गुप्ता, संजय पाहवा और अशोक शर्मा आदि सदस्य उपस्थित थे। डीडीसीए के चुनाव 27 से 30 जून के बीच में होने हैं। लाल के अलावा इन चुनावों में वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा और वकील विकास सिंह का गुट भी उतरा हुआ हैं।