विराट कोहली बोले- धौनी ने मुझ पर भरोसा जताया, वह आज भी मेरे कप्तान, वीडियो देखें
Happy Birthday Mahendra Singh Dhoni भारतीय कप्तान विराट कोहली महेंद्र सिंह धौनी को आज भी अपना कप्तान मानते हैं। वह धौनी की कप्तानी में ही अपना खेल सुधार पाए।
नई दिल्ली, जेएनएन। Happy Birthday Mahendra Singh Dhoni : भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली महेंद्र सिंह धौनी को आज भी अपना कप्तान मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह धौनी की कप्तानी के दौरान ही अपना खेल सुधार पाए। उन्होंने धौनी को शानदार क्रिकेटर और बेहतर आदमी बताया। महेंद्र सिंह धोनी आज यानी 7 जुलाई को अपना 38वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे हैं।
बीसीसीआई ने अपने यूट्यूब चैनल पर और आईसीसी ने सोलश मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि भारतीय टीम के कप्तान धौनी के खेल को लेकर बात कर रहे हैं। वीडियो में विराट कोहली ने कहा कि धोनी जानते हैं कि उन्हें क्या करना है और वह क्या कर रहे हैं। वह कई मैच जीत चुके हैं और वह इस खेल के लीजेंड हैं। कोहली ने कहा कि हम यह जानते हैं कि उन्होंने हमारे लिए जबरदस्त जिम्मेदारी निभाई है और वह आगे भी निभाते रहेंगे।
विराट कोहली ने कहा कि मैने हमेशा उनकी सलाह ली है और मानी है यह मेरे लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई है। वह मेरे कप्तान रहे हैं और वह मेरे कप्तान रहेंगे। हमने उनके साथ क्रिकेट को जिया है और उसका लुत्फ उठाया है। जब मैं टीम में आया था तो उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे मौका दिया। हमारी बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग है। धोनी शानदार क्रिकेटर और बेहतरीन व्यक्ति हैं। वीडियो में दिख रहा है कि विश्व के नंबर वन गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि 2016 में वह धोनी की कप्तानी में वनडे क्रिकेट में आए थे। धोनी इतने शांत और कूल हैं कि उनसे जब चाहो कैसा भी सवाल कर लो। इससे यह फायदा हुआ कि मैं कभी किसी डाउट में नहीं रहा।
🔹 A name that changed the face of Indian cricket
🔹 A name inspiring millions across the globe
🔹 A name with an undeniable legacy
MS Dhoni – not just a name! #CWC19 | #TeamIndia pic.twitter.com/cDbBk5ZHkN — ICC (@ICC) July 6, 2019
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉस बटलर महेंद्र सिंह धोनी को बेहद शांत और कूल विकेटकीपर और कप्तान बता रहे हैं। बटलर कह रहे हैं कि उन्होंने धौनी का विकेट के पीछे गेंद पर और विकेट के आगे बल्ले पर बहुत अच्छा कंट्रोल है। उन्होंने धोनी को उनके खेल और आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। जबरदस्त ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने कहा कि पूरे विश्व में धोनी जैसा कोई विकेटकीपर नहीं दिखता है। वह पिच पर शानदार तरीके से खेलते हैं और मैच को खत्म करते हैं। वह साल दर साल बेहतरीन खेल दिखाते रहे हैं।