यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आइसीसी वनडे रैंकिंग: कायम है विराट व जसप्रीत का जलवा, नंबर एक पर हैं मौजूद
विराट व जसप्रीत आइसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर मौजूद हैं।

दुबई। आइसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा व शिखर धवन अपने स्थान पर कायम हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली 911 अंक के साथ पहले नंबर पर मौजूद हैं। ये विराट के वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक है। वहीं रोहित शर्मा 806 अंक के साथ चौथे नंबर पर हैं जबकि 770 अंक के साथ शिखर धवन दसवें नंबर पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज धौनी ने अपना स्थान गवां दिया है और वो 714 अंक के साथ 15वें नंबर पर आ गए हैं। वनडे रैकिंग में पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज फखर जमां ने जबरदस्त छलांग लगाई है। जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में 515 रन बनाने वाले फखर ने आठ स्थानों का छलांग लगाया है और वो 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके इस वक्त 713 अंक हैं। पाकिस्तान के दूसरे ओपनर बल्लेबाज इमाम-उल-हक जिनका जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले 164वीं रैंकिंग थी इस सीरीज के बाद वो 43वें स्थान पर आ गए हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज तमीम इकबाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था और इसके दम पर वो 13वें नंबर पर आ गए हैं। तमीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो शतक और एक अर्धशतक लगाए थे। वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नंबर एक पर मौूद हैं जबकि कुलदीप यादव छठे, युजवेंद्र चहल दसवें और अक्षर पटेल 15वें नंबर पर हैं।