विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 25, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उमेश की घातक गेंदबाजी के दम पर विदर्भ फाइनल में, दो दिन में केरल को पारी और 11 रन से हराया

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Fri, 25 Jan 2019 08:03 PM (IST)

तेज गेंदबाजी उमेश यादव ने इस मैच में कुल 12 विकेट लिए।

उमेश की घातक गेंदबाजी के दम पर विदर्भ फाइनल में, दो दिन में केरल को पारी और 11 रन से हराया
उमेश की घातक गेंदबाजी के दम पर विदर्भ फाइनल में, दो दिन में केरल को पारी और 11 रन से हराया

वायनाड (कर्नाटक), प्रेट्र। उमेश यादव के 12 विकेट की मदद से गत चैंपियन विदर्भ ने केरल को रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल के दूसरे ही दिन एक पारी और 11 रन से हराकर लगातार दूसरे साल फाइनल में प्रवेश किया।

केरल पहली बार रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में पहुंचा था। यादव ने पहली पारी में 48 रन देकर सात विकेट लिए थे जबकि दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए। केरल की टीम दूसरी पारी में 91 रन पर ही आउट हो गई। विदर्भ ने गुरुवार के स्कोर पांच विकेट पर 171 रन से आगे खेलते हुए 52.4 ओवर में 208 रन बनाए। यादव ने 10वें नंबर पर उतरकर आठ गेंद में एक चौके और दो छक्कों के साथ 17 रन बनाए। केरल के लिए दूसरी पारी में अरुण कार्तिक ने 33 गेंद में 36 रन बनाए। लंच के समय केरल का स्कोर सात विकेट पर 66 रन था।

यश ठाकुर ने यादव का बखूबी साथ निभाते हुए 28 रन देकर चार विकेट लिए। लंच के बाद यादव ने दो विकेट और लेकर केरल की पारी का अंत कर दिया। इससे पहले केरल के गेंदबाजों ने विदर्भ को 208 रन पर आउट कर दिया। संदीप वॉरियर ने 57 रन देकर पांच विकेट झटके। विदर्भ ने आखिरी आठ विकेट 10 ओवर में 38 रन के अंदर गंवा दिए।

स्नेल का अर्धशतक, पुजारा चूके

बेंगलुरु। स्नेल पटेल (85) की अर्धशतकीय पारी के दम पर सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को स्टंप तक सात विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए जबकि अपना 31वां जन्मदिन मना रहे अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (45) पचासा लगाने से चूक गए।

मैच में कर्नाटक के गेंदबाज रोनित मोर ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए। सौराष्ट्र के अर्पित वसावाडा 26 रन पर नाबाद हैं। कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में श्रेयस गोपाल (87), श्रीनिवास शरथ (83) और कप्तान मनीष पांडे (62) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 275 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इस पारी में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने सबसे अधिक चार विकेट लिए।

अपनी पहली पारी खेलने उतरी सौराष्ट्र की टीम को कर्नाटक ने अच्छी शुरुआत नहीं करने दी। रोनित ने हार्विक देसाई (16) के रूप में टीम का पहला विकेट गिराया। वह मनीष पांडे के हाथों लपके गए। इसके बाद स्नेल का साथ देने आए विश्वराज जडेजा (05) को रोनित ने मैदान पर टिकने नहीं दिया। स्नेल ने तीसरे विकेट के लिए अपना पुजारा के साथ 74 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की और स्कोर 137 रनों तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर श्रेयस गोपाल ने स्नेल का विकेट गिराने के साथ इस साझेदारी का अंत किया। पुजारा ने शेल्डन जैक्सन (46) के साथ 41 रन जोड़े और अभिमन्यु मिथुन ने पुजारा को पवेलियन का रास्ता दिखाया। रोनित के अलावा कर्नाटक के लिए श्रेयस गोपाल और अभिमन्यु ने एक-एक विकेट चटकाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।