यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारतीय स्पिनर अश्विन से निपटने की तैयारी के लिए ये करेंगे ट्रेविस हेड
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हेड स्पिनर अश्विन का सामना करने के लिए खास तैयारी करेंगे।

एडिलेड, प्रेट्र। बायें हाथ के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड छह दिसंबर से यहां शुरू हो रहे पहले टेस्ट में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से निपटने के लिए अपनी टीम के जूनियर साथी हैरी नीलसन की मदद लेंगे। हेड की तरह ही बायें हाथ के बल्लेबाज नीलसन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश और भारत के बीच अभ्यास मैच में अश्विन का सामना काफी अच्छी तरह किया और शतक जड़ा।
हेड ने कहा कि नीलसन ने अभ्यास मैच में अश्विन का अच्छी तरह सामना किया। इसलिए मैं उनसे बात करने को लेकर उत्सुक हूं। अश्विन को बायें हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ काफी सफलता मिली है और ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश में कम से कम चार बायें हाथ के बल्लेबाजों को जगह मिलने की उम्मीद है। हालांकि, हेड ने कहा कि उनके बल्लेबाज भारत की चुनौती से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले आइपीएल में मैंने अश्विन का सामना किया है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनके खिलाफ खेलने का अधिक अनुभव नहीं है, लेकिन हमारे पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो स्पिन को अच्छी तरह खेल सकते हैं।
भारत को कंगारू टीम के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है जिसकी शुरुआत छह दिसंबर के एडिलेड में होगी। इस टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें