इस खिलाड़ी ने वो कर दिखाया जो आज तक कोई भारतीय नहीं कर सका
टॉम लाथम ने एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज किया जो कोई भारतीय खिलाड़ी पूरे वनडे इतिहास में हासिल नहीं कर सका।
धर्मशाला। भारत और न्यूजीलैंड के बीच धर्मशाला में सीरीज के पहले वनडे के दौरान एक दिलचस्प रिकॉर्ड देखने को मिला। इस रिकॉर्ड को अंजाम दिया न्यूजीलैंड के 24 वर्षीय ओपनर टॉम लाथम ने। उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज किया जो कोई भारतीय खिलाड़ी पूरे वनडे इतिहास में हासिल नहीं कर सका।
- लाथम का बड़ा रिकॉर्ड
दरअसल, लाथम आज के वनडे मैच में ओपनिंग करने उतरे और पारी के अंत तक पिच पर टिके रहे। उन्होंने 98 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए। क्रिकेट में जब कोई ओपनर पारी के अंत तक पिच पर टिका रहे तो उसे 'कैरी द बैट' कहा जाता है। लाथम अब ऐसा करने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जबकि विश्व वनडे क्रिकेट में वो ऐसा करने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। चार साल बाद विश्व क्रिकेट में ये रिकॉर्ड किसी खिलाड़ी ने बनाया है।
- ये हैं वो 10 धुरंधर जिन्होंने हासिल किया ये मुकाम
वनडे क्रिकेट में ये कारनामा अब तक सिर्फ 10 खिलाड़ियों ने किया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि अपना 900वां वनडे मैच खेल रहा भारत कभी भी अपने खिलाड़ी द्वारा इस रिकॉर्ड को बनता नहीं देख सका। आइए जानते हैं उन 10 खिलाड़ियों के नाम जिन्होंने ये रिकॉर्ड दर्ज किया।
1. ग्रांट फ्लावर (जिंबाब्वे)- नाबाद 84, 1994 में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में
2. सइद अनवर (पाकिस्तान)- नाबाद 103, 1995 में जिंबाब्वे के खिलाफ हरारे में
3. निक नाइट (इंग्लैंड)- नाबाद 125, 1996 में पाकिस्तान के खिलाफ नॉटिंघम में
4. रिडली जेकब्स (वेस्टइंडीज)- नाबाद 49, 1999 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेनचेस्टर में
5. डेमियन मार्टिन (ऑस्ट्रेलिया)- नाबाद 116, 2000 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में
6. हर्शल गिब्स (साउथ अफ्रीका)- नाबाद 59, 2000 में पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में (इस पारी में 10 विकेट नहीं गिरे थे।
7. एलेक स्टीवर्ट (इंग्लैंड)- नाबाद 100, 2000 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉटिंघम में
8. जावेद ओमर (बांग्लादेश)- नाबाद 33, 2001 में जिंबाब्वे के खिलाफ हरारे में
9. अजहर अली (पाकिस्तान)- नाबाद 81, 2012 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में
10. टॉम लाथम (न्यूजीलैंड)- नाबाद 79, 2016 में भारत के खिलाफ धर्मशाला में