यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जब ऑस्ट्रेलिया में गांगुली ने दिखाया था अपना दम और की थी गावस्कर और कपिल की बराबरी
भारतीय टीम ने 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया में अपनी सातवीं टेस्ट सीरीज खेली।

फ्लैश बैक 2003-04 :
भारतीय टीम ने 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया में अपनी सातवीं टेस्ट सीरीज खेली। इस बार भारतीय टीम की कमान सौरव गांगुली ने संभाली, जबकि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव वॉ थे। यह वॉ के करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज थी। चार टेस्ट की यह सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही।
सुनील गावस्कर और कपिल देव के बाद गांगुली ऑस्ट्रेलिया में सीरीज ड्रॉ कराने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय कप्तान बने। ब्रिसबेन में खेला गया सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा। दूसरा टेस्ट एडिलेड में हुआ, जिसे भारत ने रोमांचक तरीके से चार विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। इसके साथ ही बिशन सिंह बेदी और गावस्कर के बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच जीतने वाले भी गांगुली सिर्फ तीसरे भारतीय कप्तान बने।
मेलबर्न के तीसरे टेस्ट को नौ विकेट से जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने 1-1 से बराबरी हासिल की। चौथा और आखिरी टेस्ट सिडनी में हुआ। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 443 रन का लक्ष्य दिया, लेकिन स्टीव वॉ (80) और साइमन कैटिच (नाबाद 77) ने ना सिर्फ मैच ड्रॉ कराया, बल्कि अपनी टीम को सीरीज हारने से भी बचा लिया।बल्लेबाजों की सीरीज : यह पूरी तरह से बल्लेबाजों की सीरीज साबित हुई। पोंटिंग (706) ने सबसे ज्यादा रन बनाए, तो राहुल द्रविड़ (619) ने उन्हें कड़ी चुनौती दी। वीवीएस लक्ष्मण (494), वीरेंद्र सहवाग (464) और मैथ्यू हेडन (451) ने भी 400 से ज्यादा रन बनाए। अनिल कुंबले (24) ने सबसे ज्यादा विकेट लिए। 10 या ज्यादा विकेट लेने वालों में अजित आगरकर (16), स्टुअर्ट मैकगिल (14) और जेसन गिलेस्पी (10) भी शामिल रहे।