चेन्नई बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए आगे आए टीम इंडिया के सदस्य
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों रविचंद्रन अश्विन और मुरली विजय का परिवार भी चेन्नई में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित हुआ है और इन दोनों को इस त्रासदी में जान गंवाने वालों के लिए दुख है। दोनों ने तय किया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों रविचंद्रन अश्विन और मुरली विजय का परिवार भी चेन्नई में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित हुआ है और इन दोनों को इस त्रासदी में जान गंवाने वालों के लिए दुख है। दोनों ने तय किया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद प्रभावितों की मदद का प्रयास करेंगे।
अश्विन और विजय भारतीय टीम का हिस्सा हैं जो यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथा और अंतिम क्रिकेट टेस्ट खेल रही है। पिछले कुछ सप्ताहों से लगातार हो रही बारिश से चेन्नई में बाढ़ के कारण 200 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
टीम इंडिया के प्रमुख ऑफ स्पिनर अश्विन ने कहा- शहर ने ऐसी त्रासदी के समय जो जज्बा दिखाया उस पर मुझे काफी गर्व है। मुझे लगता है कि लोगों ने शानदार जज्बा दिखाया और मैं अपने कुछ मित्रों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं, जिसमें अभिनेता सिद्धार्थ और आरजे बालाजी भी शामिल है।
उन्होंने आगे बताया कि वे लोगों की मदद के लिए सड़कों पर उतरे और चेन्नई का जज्बा देखने को मिला। इस त्रासदी में जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया उनके प्रति मेरी संवेदना है। सीरीज खत्म होने के बाद मैं निश्चित तौर पर इन लोगों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने की कोशिश करूंगा।
ओपनर विजय को मलाल है कि इस समय वह अपने परिवार के साथ नहीं हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद हैं कि हालात जल्द सामान्य हो जाएंगी। उन्होंने कहा- लोगों की एकजुटता अविश्वसनीय थी। यह मेरे लिए प्रेरणादायी थी। उम्मीद करता हूं कि सभी मजबूत बने रहेंगे और एक साथ मिलकर इससे पार पा लेंगे। जल्द ही चीजें सामान्य होंगी। काश इस समय अपने परिवार के साथ होता।
वहीं मौजूदा सीरीज में दोनों टीमों की ओर से शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज मुंबई के अजिंक्य रहाणो ने भी मदद की पेशकश की।
उन्होंने कहा- हमारी प्रार्थना चेन्नई बाढ़ पीड़ितों के साथ है। कुछ खिलाड़ियों के परिवार चेन्नई में हैं इसलिए हम पीड़ितों के दर्द और भावनाओं को महसूस कर सकते हैं। मैं फंसे हुए लोगों की सुरक्षा की कामना करता हूं।
महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर ने भी सोशल मीडिया पर चेन्नई बाढ़ पीडि़तों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सचिन ने फेसबुक पर संदेश लिखा- चेन्नई दोबारा सही होगा और हम सब आपके साथ है। मेरी संवेदना उन सभी के साथ है, जिन्होंने अपने करीबियों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप सभी इस चुनौतीपूर्ण समय से जल्द ही उबर जाएंगे और आम जीवन जीने लगेंगे।