विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बने रहने पर टीम इंडिया की नजर

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Tue, 02 Oct 2018 07:12 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 03 Oct 2018 10:21 AM (GMT+05:30)

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत के साथ भारत की नजर टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बने रहने की भी होगी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बने रहने पर टीम इंडिया की नजर
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बने रहने पर टीम इंडिया की नजर

दुबई, प्रेट्र। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-4 की हार के बावजूद नंबर एक रैंकिंग पर काबिज भारत अपनी मेजबानी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में आइसीसी टेस्ट रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकार रखने के इरादे से उतरेगा। भारत गुरुवार से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में यह सुनिश्चित करना चाहेगा कि वह कोई अंक नहीं गंवाए। भारत तालिका में 115 अंक के साथ शीर्ष पर चल रहा है, लेकिन अगर वह सीरीज 2-0 से भी जीत लेता है तो भी उसे एक ही अंक का फायदा होगा, क्योंकि दोनों टीमों के बीच रेटिंग अंक का ब़़डा अंतर है। दूसरी तरफ, अगर भारत को 0-2 की शिकस्त का सामना करना प़़डता है तो उसके सिर्फ 108 अंक रह जाएंगे और अगर ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान को 2-0 से हरा देता है तो फिर उसे पीछे छोड़ देगा।

वेस्टइंडीज की टीम हालांकि अगर 2-0 से सीरीज जीत भी जाती है तो भी पाकिस्तान और श्रीलंका से अपने अंकों के अंतर को ही कम कर पाएगी, लेकिन आठवें स्थान पर ही बनी रहेगी। दूसरी तरफ, पाकिस्तान की टीम रविवार से यूएई में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी और दोनों टीमों के पास अपनी टेस्ट रैंकिंग में सुधार करने का मौका होगा। पाकिस्तान अगर 2-0 से जीत दर्ज करता है तो श्रीलंका को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर आ जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम अगर 1-0 से भी जीत दर्ज करती है तो दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर भारत के बाद दूसरा स्थान हासिल कर लेगी।

पाकिस्तान अगर दोनों मैच जीत जाता है तो उसके 97 अंक हो जाएंगे और दशमलव अंक तक गणना करने पर वह श्रीलंका को पीछे छोड़ देगा। ऑस्ट्रेलिया के अभी 106 अंक हैं और वह केवल दशमलव अंक के आधार पर दक्षिण अफ्रीका से पीछे है और सीरीज जीतने पर दूसरे नंबर पर आ जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के 1-0 की जीत से 107, जबकि 2-0 की जीत से 109 अंक हो जाएंगे। भारतीय कप्तान विराट कोहली भी बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया के प्रतिबंधित बल्लेबाज स्टीव स्मिथ से सिर्फ एक अंक आगे हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में चेतेश्वर पुजारा (छठे) और केएल राहुल (19वें) भारत के अन्य टॉप बल्लेबाज हैं, जबकि रवींद्र जडेजा (चौथे) और रविचंद्रन अश्विन (आठवें) की स्पिन जोड़ घरेलू हालात का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज क्रेग ब्रेथवेट 13वें स्थान पर हैं, जबकि उसके तीन गेंदबाज शेनन गैब्रियल (11वें), जेसन होल्डर 13वें)] और केमार रोच (19वें) शीर्ष-20 में शामिल हैं और भारतीय विकेटों से मदद हासिल करने की उम्मीद कर रहे होंगे। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्मिथ और डेविड वार्नर की गैरमौजूदगी में 20वें स्थान के साथ शीर्ष बल्लेबाज हैं, जबकि मिशेल स्टार्क (संयुक्त 14वें) और नाथन लियोन (16वें) शीर्ष गेंदबाज हैं। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अजहर अली 672 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला से सिर्फ एक स्थान पीछे 15वें स्थान पर हैं, जबकि पूर्व में नंबर एक गेंदबाज रहे लेग स्पिनर यासिर शाह फिलहाल 18वें स्थान पर हैं और वह इस सीरीज में फिर से अपनी लय पाना चाहेंगे। यासिर इस साल आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर चोट की वजह से नहीं खेल सके थे। यासिर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार साल पहले यूएई में हुई सीरीज में 12 विकेट झटके थे, जिसकी बदौलत पाकिस्तान ने उस सीरीज को 2-0 से जीता था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।