श्रीलंकाई दौरे से अचानक घर लौटा ये दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर, जानिए क्या है कारण
अपना दूसरा टेस्ट मैच खेलते हुए शम्सी ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहले टेस्ट में 128 रन देकर चार विकेट झटके थे।
कोलंबो, रायटर। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी पारिवारिक कारणों से श्रीलंका दौरे से हट गए हैं और स्वदेश लौट गए हैं। टीम के अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उनके वापस लौटने को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है और शुक्रवार से कोलंबो में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए उनका विकल्प का नाम भी नहीं चुना गया है।
अपना दूसरा टेस्ट मैच खेलते हुए शम्सी ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहले टेस्ट में 128 रन देकर चार विकेट झटके थे, लेकिन इस मैच में श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को तीन दिन के भीतर 278 रन से शिकस्त दी थी। श्रीलंका दौरे पर गई दक्षिण अफ्रीकी टीम के पास हालांकि दो अन्य विशेषज्ञ स्पिनर हैं, जिनमें बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज और लेग स्पिनर शॉन वोन बर्ग हैं।
हालांकि, बर्ग ने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। जबकि केशव महाराज भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर मेहमान टीम के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था। दक्षिण अफ्रीका को श्रीलंका में पांच वनडे और एक टी-20 मैच भी खेलना है। शम्सी को इन दोनों प्रारूपों के लिए भी दक्षिण अफ्रीकी टीम में चुना गया था।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें